Auraiya News: चढ़ावा कम देख दुल्हन ने दूल्हे की बहन के साथ की मारपीट, बारातियों को बनाया बंधक, जानें- फिर क्या हुआ
औरैया में बारातियों और जनातियों में हुआ विवाद।
औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र में चढ़ावा कम देख दुल्हन ने दूल्हे की बहन के साथ मारपीट की। इस पर जनातियों ने बारातियों को बंधक बना लिया। पुलिस की मौजूदगी में समझौता हुआ।
औरैया, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव जरूहौलिया में उस समय हड़कंप मच गया, जब फेरे के दौरान चढ़ावा कम देख लड़की ने दूल्हा की बहन पर हमला कर दिया, जिससे वहां पर भगदड़ मच गई। आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने बारातियों को बंधक बना लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझााने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। लड़के पक्ष से सारा सामान लौटाए जाने के बाद बिना दुल्हन के बारात वापस लौट गई।
फतेहपुर शहर का एक मोहल्ला निवासी सौरभ पुत्र सुंदरलाल की शादी सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव जरूहौलिया निवासी ज्ञानबाबू की पुत्री संगीता के साथ तय हुई थी। लड़के पक्ष के लोग धूमधाम के साथ बारात लेकर गांव जरूहौलिया पहुंचे। यहां पर जयमाला कार्यक्रम पूरा होने के बाद आधे बाराती अपने घर को लौट गए थे। लड़के पक्ष के रिश्तेदार बारात में रूके हुए थे। सुबह करीब चार बजे फेरे के दौरान चढ़ावा चढ़ाया जा रहा रहा था, उसी दौरान संगीता ने कम चढ़ावा देख हंगामा करना शुरू कर दिया, जब दूल्हे की बहन प्रियंका वर्मा उसे समझाने आई तो दुल्हन संगीता ने हमला कर दिया।
विवाद बढ़ते देख बाराती व जनाती पक्ष के लोग एकत्रित हो गए और दूल्हे के रिश्तेदारों को बंधक बना लिया। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंचे कोतवाली निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझाने का प्रयास किया। दूल्हा की बहन ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि लड़की पक्ष के लोगों ने उसे व अन्य रिश्तेदारों को करीब तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा। साथ ही अभद्रता भी की।
करीब तीन घंटे तक समझौते का प्रयास चलता रहा, लेकिन दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। बात बनते न देख दोनों पक्षों ने दिया गया सामान वापस लौटा दिया। बगैर दुल्हन के बारात वापस लौट गई। एसपी चारू निगम ने बताया कि मामले की जानकारी हुई थी। पुलिस को मौके पर भेजकर समझौता करा दिया गया है।
