Unnao News : बेटी को जन्म देने पर पति ने दी ऐसी सजा, पत्नी बोली- अगले जन्म मोहे बिटिया न कीजो…
उन्नाव में बेटी को जन्म देने पर पति ने की पत्नी की पिटाई।
उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र के खड़हरा गांव में बेटी को जन्म देने पर गुस्सए पति और ससुरालीजनों ने मिलकर विवाहित के हाथ बांध कर बुरी तरह पिटाई कर दी। पुलिस ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
उन्नाव, अमृत विचार। माखी थानाक्षेत्र के खड़हरा गांव में दहेज की मांग पूरी न होने और बेटी को जन्म देने से गुस्साए पति और ससुरालीजनों ने विवाहिता के हाथ बांध कर बुरी तरह मारा पीटा। मामले की जानकारी पर पहुंचे पिता ने थाने में तहरीर देकर पति समेत सास व ससुर पर मुकदमा दर्ज कराया है। घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के भौली निवासी श्यामलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने तीन वर्ष पूर्व बेटी सुषमा का विवाह माखी थानाक्षेत्र के अहराडडिया के मजरा खड़हरा निवासी दीपू पुत्र सतनू के साथ किया था। उसने शादी में अपनी सामर्थ्य के हिसाब से दान दहेज भी दिया।
शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में बाइक, सोने की चेन व अंगूठी की मांग कर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। फरवरी माह में बेटी ने एक कन्या को जन्म दिया। जिससे ससुराली जन आग बबूला हो गये।
24 फरवरी को पति दीपू ने सुषमा के हाथ पैर बांधकर इतनी बुरी तरह से पीटा गया कि वह गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने घायल बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत नाजुक बनीं हुई है। एसओ रामआसरे चौधरी ने बताया कि पिता की तहरीर पर पति दीपू, ससुर सतनू व सास सुनीता पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
