Kanpur Murder : शॉकर से पीट-पीटकर युवक की हत्या, इलाके में फैली सनसनी, परिजनों में मचा कोहराम
कानपुर में युवक की हत्या से फैली सनसनी।
कानपुर के कनर्लगंज थाना क्षेत्र के ईदगाह में शॉकर से पीट-पीटकर युवक की हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई।
कानपुर, अमृत विचार। कर्नलगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत गाड़ी खड़ी करने को लेकर चल रहे पुराने विवाद में एक युवक की शॉकर से पीट-पीटकर नृशंस हत्या कर सनसनी फैला दी गई है। वारदात को अंजाम देकर हत्यारोपी मौके से भाग निकले। परिजनों ने थाने पहुंचकर हत्या किए जाने की बात पुलिस से कही तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे एसीपी, थानाध्यक्ष और फोरेंसिक ने मामले की छानबीन कर घटना के साक्ष्य जुटाए। हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल व्याप्त है।
ईदगाह कालोनी रेलवे कालोनी निवासी (30 वर्षीय) संजीव प्रसाद श्रीवास्तव उर्फ भोलू लेबर का काम कर परिवार का पालन पोषण करता था। संजीव व उसके परिवार का घर के बगल में रहने वाले रामकुमार से कई सालों से गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर संजीव की पत्नी रेशमा ने बताया कि वह घर पर सो रहे थे।
इसी दौरान रामकुमार, उनके भाई अशोक भतीजा अभिषेक व उसके अन्य परिवारीजन उन्हें सोते हुए घर से घसीट ले गए और अपने घर के बाहर बाइक के शॉकर से जमकर पीटने लगे। इसके साथ ही पास पड़े ईंटों से सिर पर कई वार कर उनकी नृशंस हत्या कर दी। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। मामले की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के सैकड़ों लोग जमा हो गए।
इसके बाद एसीपी कर्नलगंज अकमल खान, थाना प्रभारी कर्नलगंज रतनेश सिंह और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एसीपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में पुराने विवाद के चलते हत्याकांड की बात सामने आई है। परिवार के लोगों से पूछताछ करके हत्याकांड की जांच की जा रही है। इसके साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।
पत्नी हुई बदहवास, होश में आकर पति को पूछ रही
सरेशाम घनी आबादी के बीच युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। क्षेत्र में तनाव का माहौल व्याप्त है। संजीव की पत्नी रेशमा बदहवास हो गई। परिवार और मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह उसे संभाला। मृतक के दोनों बच्चे (7 वर्षीय) रौनिक व(11 वर्षीय)राशि का भी रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी को होश में लाने के लिए मुंह पर पानी डाला जा रहा था। जिसके बाद वह पति के बारे में पूछती नजर आ रही है। मृतक के पिता मंकेश्वर श्रीवास्तव और भाई जितेंद्र व धर्मेन्द्र भी हत्याकांड के बाद सदमे में हैं। जितेंद्र शहर से बाहर हैं, उन्हें सूचना दे दी गई है।
हत्यारोपियों ने संजीव की भाभी की आंख पर मारी थी रॉड
सूचना पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। आसपास के क्षेत्रीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटना की जानकारी के लिए अलग-अलग लोगों से पूछताछ की। मृतक के परिवारीजनों ने बताया कि आरोपी राजकुमार ने दो साल पहले भी परिवार पर हमला किया था। हमले के दौरान संजीव की भाभी उर्मिला पत्नी जितेंद्र के आंख में लोहे की रॉड मार दी थी। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच और विवाद बढ़ता ही चला गया।
