Banda News : दूल्हा बनकर घोड़ी चढ़ने से पहले ही युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, परिजनों ने अस्पताल में कराया भर्ती
बांदा में दूल्हे ने खाया जहरीला पदार्थ।
बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र में दूल्हा बनकर घोड़ी चढ़ने से ही पहले ही युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस पर परिजनों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
बांदा, अमृत विचार। दूल्हा बनकर घोड़ी चढ़ने से चंद घंटे पहले ही युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिवार के लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, वहां उसका उपचार किया जा रहा है। उधर, तीन अन्य लोगों ने भी जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के बिलगांव निवासी रवि कुमार (23) पुत्र संतोष कुमार की शादी होनी थी। 28 फरवरी को बारात जानी है। दूल्हा बनने से पहले ही रवि ने घरेलू किसी बात से नाराज होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने के बाद घरवालों को जानकारी हो सकी। उसे तत्काल नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया, वहां उसका उपचार किया जा रहा है। घटना का कारण अज्ञात बताया गया है।
इसी तरह बिसंडा थाना क्षेत्र के पारा गांव निवासी शिवा सिंह (23) पुत्र अशोक कुमार ने शनिवार रात घरेलू किसी बात से नाराज होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर घरवालों को पता चला। वहीं मटौंध थाना क्षेत्र के करछा गांव निवासी श्याम (23) ने घरेलू किसी बात से नाराज होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर घरवालों को जानकारी हो सकी। बबेरू कस्बा निवासी रामकिशोर (50) पुत्र रामआसरे ने घरेलू कलह से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
