मनीष सिसोदिया ने माफियाओं को दिया बढ़ावा, सबूतों के आधार पर हुई गिरफ्तारी : मिथलेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल पहुंचे राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार कठेरिया ने की प्रेसवार्ता, कहा-सोनिया गांधी हो गईं बुजुर्ग, संन्यास लेंगी तो ठीक रहेगा

संभल, अमृत विचार। राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार कठेरिया ने कहा कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा शराब माफियाओं को बढ़ावा दिया गया। ब्लैक लिस्टेड ठेकेदारों को दोबारा दुकानें दी गईं। सबूतों के आधार पर मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया है।

संभल में एकता विहार स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर प्रेसवार्ता में राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार कठेरिया ने कहा कि दिल्ली में लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा पहले से ज्यादा वोटों से सीटें जीतेगी। प्रयागराज कांड पर कहा कि कानून व्यवस्था का राज है। कोई हत्या करता है तो उसे गिरफ्तार किया जाएगा और कड़ी सजा मिलेगी। बोले-सोनिया गांधी बुजुर्ग हो गईं, सन्यास ले लेंगी तो ठीक रहेगा। राहुल गांधी द्वारा दोबारा भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने के सवाल पर कहा कि मैं आज तक यह नहीं समझ पाया हूं कि भारत टूटा कहां था जिसे वह जोड़ रहे हैं। वह अपने नेता भी नहीं रोक पा रहे। उनके नेता भी टूटकर जा रहे हैं।

विकसित अर्थव्यवस्था की बुनियाद रखने का ब्लू प्रिंट है बजट
संभल। राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार कठेरिया ने कहा कि अमृत काल का पहला बजट लोक कल्याणकारी है। यह गांव, गरीबों, किसानों, आदिवासियों, दलितों, शोषितों आदि को सशक्त और सक्षम बनाने वाला बजट है। बजट की समावेशी विकास, लास्ट माइल डिलीवरी, बुनियादी ढांचा और निवेश, क्षमता को उजागर करना, हरित विकास, युवा, वित्तीय क्षेत्र में मजबूती प्राथमिकताएं हैं। बजट 25 से 50 साल के लिए विकसित अर्थव्यवस्था की बुनियाद रखने वाला ब्लू प्रिंट है। कृषि ऋण लक्ष्य को बढ़ाकर 20 लाख करोड़ रुपये किया है। रेलवे के लिए 2 लाख 40 हजार रुपये का बजट दिया है जो कांग्रेस की यूपीए सरकार के समय के बजट से 9 गुना अधिक है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर खड़गवंशी, हरेंद्र सिंह उर्फ रिंकू, जयप्रकाश गुप्ता, परमेश्वर लाल सैनी व दिनेश जाटव आदि रहे।

पार्लियामेंट में उठाएंगे रेल लाइन विस्तारीकरण का मुद्दा
संभल। राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार कठेरिया ने कहा कि संभल की रेल लाइन विस्तारीकरण की मांग भाजपा जिलाध्यक्ष से कागज लेकर पार्लियामेंट में मुद्दा उठाएंगे। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा तैयार है। भाजपा चुनाव लड़ेगी और प्रचंड बहुमत से जीतेगी। दो मार्च को तीनों सरकारें हमारी बनेंगी।

ये भी पढ़ें:- माफिया को मिट्टी में मिलाने वाला मुख्यमंत्री का बयान गुरुर से भरा : बर्क

संबंधित समाचार