संभल : सास की संदिग्ध हालात में मौत, बहू पर लगाया हत्या का आरोप
इस्लामनगर का मामला, घर में पड़ा मिला अधेड़ महिला का शव
बहजोई (संभल), अमृत विचार। अधेड़ महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके बेटे ने विवाद के चलते अपनी पत्नी पर ही मां की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बहजोई के इस्लामनगर मार्ग निवासी पुष्पा (50) घर पर सब्जी काट रही थी। बेटा पुनीत अपनी मां को छोड़कर किसी काम से चला गया। कुछ देर बाद पुनीत वापस आया तो उसकी मां पुष्पा का शव घर में पड़ा हुआ था। पुष्पा के माथे पर चोट लगी थी। पुनीत ने अपनी पत्नी शिवानी पर मां की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। कोतवाल पंकज लवानिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पुनीत से घटना के बारे में पूछताछ की। पुनीत ने बताया कि पत्नी से उसका विवाद चल रहा है। वह कुछ दिन पहले अपने मायके चली गई थी।
बुधवार को घर आई और मां की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस अभी इस मामले में किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। कोतवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत हार्ट-अटैक से होना लग रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : संभल: अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ दो सगे भाई गिरफ्तार
