हरदोई : सदन को दिखाई खस्ताहाल सड़कों की तस्वीर, विधायक ने विधानसभा में उठाया 'सण्डीला जिला बनाओ' का मुद्दा
हरदोई, अमृत विचार। विधायक अलका सिंह अर्कवंशी ने विधानसभा में सपा सरकार की खूब खिंचाई की। उन्होंने कहा कि उनके यहां दो ऐसी सड़कें हैं जो तकरीबन 130 गांवों को सीधे लखनऊ से जोड़ती है, लेकिन सपा सरकार में उन्हें अनदेखा किया गया। जिसकी वजह से वहीं सड़कें अभी भी खस्ताहाल पड़ी हुईं हैं। सदन में सड़क की बात करने के बाद विधायक ने 'सण्डीला ज़िला बनाओ' का मुद्दा भी उठाया।
सण्डीला से भाजपा विधायक अलका सिंह अर्कवंशी ने विधानसभा में विपक्षी दल सपा की खूब खिंचाई की, उन्होंने नेता विपक्ष के उस दावे को कोरा बताया जिसमें उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया था। विधायक ने कहा कि उनके यहां पुवावां से कटिहार और सिकरोहरी से महिमाखेड़ा को जाने वाली सड़क खस्ताहाल पड़ी है। इन दोनों सड़कों के बन जाने से तकरीबन 130 गांव लखनऊ से सीधे जुड़ सकते थे, लेकिन पिछली सरकार ने उस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। इस दौरान विधायक ने सदन में सण्डीला को ज़िला बनाने का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री से प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की। सीएचसी सण्डीला,भरावन और बेहंदर के मरीज़ों को हरदोई मेडिकल कालेज नहीं बल्कि लखनऊ मेडिकल कालेज रेफर किए जाने की मांग रखी।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : अलाया हादसे की नई रिपोर्ट बनाने में जुटे अधिकारी
