बरेली: पुलिस जीप के चालक पर पशु तस्करी कराने का आरोप, लाइन हाजिर
सांसद वरुण गांधी ने एसएसपी को भेजा शिकायती पत्र
बरेली, अमृत विचार। पीलीभीत के सांसद वरुण गांधी ने एसएसपी अखिलेश चौरसिया को शिकायती पत्र भेजकर देवरनिया थाना की पुलिस जीप के चालक की शिकायत की है। चालक पर आरोप है कि वह पशु तस्करों से वसूली करके उनके वाहन आसानी से पास कराता है। एसएसपी ने शिकायत मिलने पर चालक को लाइन हाजिर कर दिया है।
शिकायती पत्र में सांसद ने लिखा है कि बहेड़ी क्षेत्र के लोगों ने उन्हें कई बार बताया कि देवरनिया पुलिस जीप का चालक बलजोर सिंह पशु तस्करों से वसूली करता है। चालक वहां से गुजरने वाले वाहनों से भी अवैध वसूली करता है। इसकी शिकायत वे और स्थानीय लोग इंस्पेक्टर देवरनिया से भी कर चुके हैं, लेकिन चालक के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई है। सांसद ने एसएसपी से कहा कि वे चालक के खिलाफ कार्रवाई करें। इसके साथ ही सर्किल तीन के एक थाने में तैनात सिपाही पर भी पशु तस्कर से रुपये लेकर छोड़ने की बात सामने आई है। एसएसपी ने बताया कि चालक की कई शिकायतें मिल रही थीं, इसलिए उसे लाइन हाजिर कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: सीसीटीवी की निगरानी में चार केंद्रों पर होगा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन
