Video Viral : यहां चरितार्थ हो रहा बेटी बचाओ-काम पर लगाओ का नारा, सड़क पर झाडू लगा रही बच्ची

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में बालिका का सड़क पर झाड़ू लगाने का वीडियो वायरल।

बांदा के ओरन नगर पंचायत में बालिका का सड़क पर झाड़ू लगाने का वीडियो वायरल हो रहा। लोगों का कहना है कि रोजाना बालिका झाडू लगाती है।

बांदा, अमृत विचार। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की धज्जियां ही नहीं उड़ रही है, बल्कि नगर पंचायत ओरन में इस अभियान को बेटी बचाओ-काम पर लगाओ नये नारे के साथ बालिका को सड़क पर झाड़ू लगाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नगर पंचायत की सड़कों पर नाबालिक बच्ची का झाड़ू लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यह बालिका रोजाना सड़क पर झाड़ू लगाती है।
 
जनपद की नगर पंचायत ओरन में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा फेल होता दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन कस्बे का है। शुक्रवार को सुबह एक नाबालिग बालिका का सड़क में झाड़ू लगाने का वीडियो वायरल हुआ है। जहां बच्ची के हाथ में किताबे होना चाहिए वहां पर अधिकारी व परिजनों के द्वारा झाड़ू पकड़ा दिया। करोड़ों रुपये खर्च कर इस अभियान की सफलता के दावे करने वाली सरकारें अथवा इस संबधी विभाग को भी शायद इस बालिका का इनके ही मां बाप और नगर पंचायत के जिम्मेदारों द्वारा किया जा रहा शोषण नहीं दिखाई देता है और न ही इन पर कभी कोई कार्रवाई की गई है।
 
इस अबोध बालिका को बचपन से ही सड़क पर झाड़ू लगाने की ट्रेनिंग दी जा रही है। कस्बे की सड़क पर रोजाना बालिका को सड़कों पर झाड़ू लगाते देखा जा सकता है। खुलेआम बालिका के भविष्य से अधिकारी व परिवार के लोगों द्वारा खिलवाड़ किया जा रहा है। केंद्र सरकार एक तरफ बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ का नारा दे रही है, लेकिन नगर पंचायत ओरन में इससे बिल्कुल अलग देखने को मिला है। जहां बेटी के हाथ में किताबें होनी चाहिए वहां सड़क में झाड़ू लगवाई जा रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है। कस्बावासियों ने बताया कि बालिका नगर पंचायत की सड़कों पर रोजाना झाड़ू लगाते नजर आती है।
 
अधिशासी अधिकारी अभिमन्यु सिंह ने सफाई दी कि बालिका की मां नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी पद पर तैनात है। शुक्रवार को अचानक तबियत खराब होने पर मां ने खुद ही अपनी पुत्री को झाड़ू लगाने भेजा था। ईओ ने रोजाना बालिका द्वारा सड़क पर झाड़ू लगाने से इनकार किया। कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जरूरत पड़ी तो कार्रवाई भी की जाएगी।

 

संबंधित समाचार