Kanpur: ईदगाह पुलिस चौकी के पास युवक ने युवती पर चाकुओं से किए ताबड़तोड़ वार, भीड़ ने पीटकर किया पुलिस के हवाले
कानपुर में चौकी के पास युवक ने युवती पर किया चाकुओं से वार।
कानपुर के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के ईदगाह पुलिस चौकी के पास युवक ने युवती पर चाकुओं से ताबड़तोड़ कई वार किए। जिससे युवती घायल हो गई। इस पर भीड़ ने पीटकर पुलिस के हवाले किया।
कानपुर, अमृत विचार। कर्नलगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवती को भारी पड़ गया। आरोपी ने पीछा करके डयूटी जा रही युवती पर दिनदहाड़े चौकी के पास चाकुओं से कई वार कर लहूलुहान कर दिया। वारदात के बाद युवती सड़क पर गिर पड़ी। घटना को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी की राहगीरों ने पकड़कर पिटाई कर दी। इसके बाद थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने गंभीर हालत में युवती को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है।
ईदगाह बस्ती निवासिनी (18 वर्षीय)युवती आर्यनगर के एक डॉक्टर के यहां पर काम करती है। शनिवार सुबह आठ बजे वह डयूटी जा रही थी, इसी दौरान ईदगाह पुलिस चौकी के पास युवती का पीछा कर रहे युवक ने सरेराह रास्ते में रोककर ताबड़तोड़ एक के बाद एक चाकुओं से छह बार वार कर दिया। जिससे उसके थ्योड़ी, गर्दन, कमर समेत कई जगह कट गया। दिनदहाड़े अचानक हुई वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
युवती पर चाकुओं से हमला होते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी। युवती के शरीर पर गहरे जख्म हो जाने के कारण खून का रिसाव तेजी से होने लगा। जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। एक राहगीर ने युवती के मोबाइल से नंबर निकालकर उसके बड़े भाई को घटना की जानकारी दी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन परिजन कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान उन लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी देकर हैलट पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। परिजनों ने बताया कि घर में तीन बहन व दो भाई हैं। जिसमें घटना की शिकार पीड़िता दूसरे नंबर की है। घटना की जानकारी होते ही कर्नलगंज एसीपी अकमल खां और प्रभारी निरीक्षक हैलट पहुंचे और पीड़िता के बयान दर्ज किए। ईदगाह चौकी इंचार्ज शुसेंद्र सिंह ने बताया कि ईदगाह गूदड़बस्ती निवासी युवती पर हमले के आरोपी विजय पुलिस हिरासत में है। उसके पास से चाकू भी बरामद कर ली गई है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
पिता की बीमारी के कारण करनी पड़ती नौकरी
घायल पीड़िता के भाईयों ने बताया कि उनके पिता की तबियत खराब रहती है। जिसके कारण वह लोग नौकरी करके परिवार का पेट पालते हैं। बड़े भाई ने बताया कि इसी कारण उसकी बहन और वह लोग प्राइवेट नौकरी करते हैं। वारदात के बाद मां व अन्य परिजन काफी परेशान हैं।
चप्पल मारने का बदला ले लिया
भाईयों ने बताया कि काफी समय से वह बहन के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। लेकिन लोकलाज के भय से कभी उसने घर आकर घटना की जानकारी नहीं दी। शनिवार सुबह बहन पर चाकू से किए गए हमले के बाद उसने अब तक उसके साथ हो रही सारी घटना के बारे में बताया। उसने बताया कि पूर्व में एक बार इलाके का आरोपी विजय उसे रास्ते में छेड़छाड़ कर चुका है, जिसके बाद उसने वहीं पर चप्पल उतारकर पिटाई कर दी थी।
परिजनों ने रंजिश की भी बात बताई
परिजनों ने बताया कि पूर्व में उनके नाना के साथ आरोपी विजय मारपीट कर चुका है। जिसके बाद से उनके परिवार से रंजिश भी चलती थी। आरोप है, कि विजय काफी समय बाद जेल से छुटकर आया है। आरोप है, कि क्षेत्र में उसका काफी वर्चस्व है, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही थी। विजय की दबंगई से क्षेत्र के लोग भी काफी दहशत में हैं।
