कुत्तों को खाते हैं असम के लोग, आवारा कुत्ते वहां भेजे जाएं : महाराष्ट्र के विधायक बच्चुभाऊ कडू
मुंबई। महाराष्ट्र के विधायक और प्रहार जनशक्ति पार्टी के प्रमुख बच्चुभाऊ कडू ने विधानसभा में कहा है कि असम के लोग कुत्तों को खाते हैं इसलिए आवारा कुत्तों की जनसंख्या पर काबू पाने के लिए उन्हें असम भेजना चाहिए। बकौल कडू, असम में ₹8,000 तक में कुत्ते बिकते हैं। कई पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने उनके इस बयान की आलोचना की है।
दरअसल, महाराष्ट्र के विधायक और प्रहार जनशक्ति पार्टी के प्रमुख बच्चुभाऊ कडू का कहना है कि असम के लोग कुत्ते खाते हैं, इसलिए आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए उन्हें असम भेज देना चाहिए। विधानसभा में आवारा कुत्तों और उनसे होने वाली परेशानियों पर चर्चा चल रही थी। इस दौरान विधायक प्रताप सरनाईक और अतुल भटकलकर ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। इसी दौरान विधायक बच्चू कादु ने अपने संबोधन में विवादित टिप्पणी कर दी।
बच्चुभाऊ कडू ने कहा कि आवारा कुत्तों की असम में मांग है। वहां उनकी अच्छी कीमत 8 हजार रुपए तक मिल सकती है। इससे राज्य में आवारा कुत्तों की संख्या भी नियंत्रित रहेगी। कुत्तों को असम भेज देना चाहिए। विधायक ने कहा कि अभी एक शहर में यह प्रयोग करना चाहिए। विधायक के इस बयान पर काफी हंगामा हो गया है। जानवरों के अधिकारों के लिए लड़ने वाले कार्यकर्ता और पशु प्रेमियों ने इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है और कहा है कि विधायक का यह बयान अमानवीय और अपमानजनक है।
इससे पहले झारखंड के एक विधायक ने भी ऐसा ही बयान दिया था। झारखंड के बोकारो से भाजपा विधायक बिरंची नारायन ने कहा था कि आवारा कुत्ते लोगों पर हमले कर रहे हैं और अगर सरकार इसका कोई समाधान नहीं कर सकती तो नगालैंड के लोगों को बुला लो, ये दिक्कत खत्म हो जाएगी।
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के पुंछ में बारूदी सुरंग विस्फोट में सेना का एक जवान घायल
