बरेली: 1000 रुपये किराया, निजी एंबुलेंस वसूल रहीं 4000
बरेली, अमृत विचार। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान निजी एंबुलेंस अधिक रकम वसूल रही हैं। शासन ने निर्धारित किराये से कई गुना तक रुपये लिए जा रहे हैं। ऐसे में मरीज के परिजनों पर अधिक बोझ पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग मूक दर्शक बना हुआ है। बीते दिनों शहर में मरीजों के अवैध किराया वसूलने पर आरटीओ ने एक निजी एंबुलेंस का चालान भी काटा बावजूद इसके जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी है। अधिकारियों के अनुसार जिले में 150 से अधिक निजी एंबुलेंस संचालित हो रही हैं लेकिन कितनी एंबुलेंस में मानक पूर्ण हैं इसकी भी जानकारी किसी के पास नहीं है।
शासन की ओर से ये निर्धारित है किराया
ऑल यूपी एंबुलेंस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव लोकेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि छोटी एंबुलेंस जैसे ओमनी, टाटा मैजिक या फिर वैन के लिए शहरी क्षेत्र में 10 किलोमीटर की दूरी तक के लिए 1000 रुपये, वहीं इससे अधिक दूरी होने पर 10 रुपये प्रति किलोमीटर, बीएलएस यानि बेसिक लाइफ सपोर्ट के साथ पहले 10 किलोमीटर तक के लिए 1500 रुपये वहीं 10 किलोमीटर के बाद 25 रुपये प्रति किलोमीटर और एडवांस लाइफ सपोर्ट यानि एएलएस एंबुलेंस के लिए पहले 10 किलोमीटर के लिए 2000 रुपये और 10 किलोमीटर के बाद 30 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से ही मरीजों के किराया वसूला जा सकता है।
शिकायत मिलने पर निजी एंबुलेंस संचालकों पर भी कार्रवाई की जाती है। मरीजों से निर्धारित किराया ही लिया जाना चाहिए, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।-डॉ. हरपाल सिंह, एसीएमओ प्रशासन
ये भी पढे़ं- बरेली: होली में भी साधारण रोडवेज बसों में आरक्षण कम
