बरेली: घरेलू उड़ानों के साथ एयर ट्रैफिक भी बढ़ा, लखनऊ-चेन्नई फ्लाइट की मांग तेज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से घरेलू उड़ानों की संख्या बढ़ने लगी है। जनवरी में जहां 42 उड़ानें दिल्ली, बेंगलुरू और मुंबई के लिए संचालित हुई थीं, वहीं फरवरी माह में उड़ानों की संख्या 50 पहुंच गई। इसके साथ एयर ट्रैफिक ने भी उछाल मारी है। 4899 यात्रियों ने एलाइंस एयर और इंडिगो की फ्लाइटों से कई शहरों के लिए उड़ान भरीं। जबकि 5281 यात्री विभिन्न शहरों से बरेली एयरपोर्ट पर उतरे।

जनवरी की अपेक्षा फरवरी में बरेली से 1819 अधिक यात्रियों ने उड़ान भरी है। एयर ट्रैफिक बढ़ने से एयरलाइंस कंपनियों ने खुशी जताई है। बरेली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अपने ट्विटर हैंडल पर फरवरी के एयर लोड की जानकारी सार्वजनिक की है। रविवार को अथॉरिटी के ट्विट को देख वरुण नाम के यात्री ने भी ट्विट करते हुए लखनऊ के साथ जयपुर और चेन्नई के लिए फ्लाइटें संचालित होने की जरूरत बताई है। बरेली-लखनऊ फ्लाइट शुरू होने के लिए बरेलीवासी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जनप्रतिनिधि भी लखनऊ फ्लाइट शुरू कराने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों से सिफारिश कर चुके हैं।

पिछले साल एलाइंस एयर ने लखनऊ की उड़ान शुरू करने के लिए शेड्यूल जारी करने के साथ वेबसाइट से बुकिंग भी खोली थी लेकिन कई तारीखें घोषित होने के बाद बरेली-लखनऊ की उड़ान शुरू नहीं हो सकी। इस बीच बरेली एयरपोर्ट पर बड़े एप्रन के निर्माण के साथ टैक्सी-वे के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो गया। तभी से नई फ्लाइटें के संचालन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी है। एलाइंस एयर और इंडिगो एयरलाइन के यहां एयरपोर्ट पर तैनात प्रतिनिधि कहते हैं कि एप्रन और टैक्सी-वे निर्माण के कार्य पूरे होने के बाद लखनऊ, गोरखपुर, अयोध्या समेत अन्य शहरों के लिए नई फ्लाइटों के संचालन को लेकर कंपनी में प्रस्ताव भेजा जाएगा। हालांकि, इस बीच इंडिगो 26 मार्च से बरेली से जयपुर के लिए सीधी फ्लाइट शुरू कर रहा है। इंडिगो की वेबसाइट पर जयपुर फ्लाइट की बुकिंग भी शुरू हो गई है।

जनवरी में इतने यात्रियों ने भरी थी उड़ान
बरेली एयरपोर्ट के अनुसार जनवरी में 42 उड़ानें संचालित हुई थीं। यहां से 3462 यात्रियों ने उड़ान भरी थी। जबकि 3581 यात्री विभिन्न शहरों से बरेली एयरपोर्ट पर उतरे थे।

ये भी पढे़ं- बरेली: एमटेक में स्वर्ण लाने वाले अरुण को किया सम्मानित

 

संबंधित समाचार