लखनऊ: अस्पतालों में मरीजों की छुट्टी के लिए लगी होड़ 

मरीज अपनो के बीच मनाना चाह रहे हैं होली की खुशियां

लखनऊ: अस्पतालों में मरीजों की छुट्टी के लिए लगी होड़ 

अमृत विचार, लखनऊ। होली का त्योहार अपनो के बीच मनाने के लिए मरीजों ने अस्पतालों से छुट्टी लेनी शुरू कर दी है। बड़ी संख्या में मरीजों ने छुट्टी की अर्जी लगाई है। हालांकि डॉक्टर मरीजों की तबीयत का आंकलन करने के बाद ही छुट्टी दे रहे हैं। अस्पतालों में अब तक करीब 40 से 50 फीसदी तक बेड खाली हो चुके हैं। कई मरीजों के ऑपरेशन की तारीख भी बढ़ा दी गई है।

लोकबंधु राजनारायण अस्पताल में 300 बेड हैं, जिनमे 100 से कम मरीज भर्ती हैं। काफी मरीजों ने छुट्टी की गुजारिश डॉक्टरों से कर रखी है। मरीजों की सेहत का आंकलन करने के बाद मंगलवार को भी मरीजों को छुट्टी दी जाएगी। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि उन्हीं मरीजों की अर्जी मंजूर की जा रही है, जिनकी तबीयत स्थिर व सामान्य है। गंभीर मरीजों को भर्ती रहने की सलाह दी जा रही है।

इसी तरह बलरामपुर अस्पताल में 776 बेड हैं। सीएमएस डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि सामान्य दिनों में करीब 90 फीसदी बेड भरे रहते हैं। बड़ी संख्या में मरीजों ने छुट्टी के लिए कहा है। इनमें वे मरीज अधिक जिनके ऑपरेशन हो चुके हैं। टांके कटवाने के लिए रूके हैं। कुछ मरीजों को ऑपरेशन की तारीख दी गई है। इन मरीजों की मंगलवार को छुट्टी दी जाएगी। तीन से चार दिन बाद कागज दिखाने पर दोबारा भर्ती कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 100 से अधिक मरीज छुट्टी की कतार में हैं। 30 से ज्यादा मरीजों को छुट्टी दी जा चुकी है। 

वहीं, केजीएमयू में 4500 बेड हैं। ज्यादातर बेड भरे रहते हैं। सीएमएस डॉ. एसएन शंखवार ने बताया कि होली के मद्देनजर काफी मरीजों ने छुट्टी मांगी है। तबीयत का आंकलन के बाद छुट्टी दी जा रही है। अति गंभीर मरीज भर्ती हैं। आईसीयू और वेंटिलेटर के बेड का संकट अभी भी बना हुआ है उधर लोहिया संस्थान में लगभग 1000 बेड हैं। भर्ती करीब 40 फीसदी मरीजों ने तीन से चार दिन की छुट्टी मांगी है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि 10 से 15 फीसदी मरीजों की सेहत का आंकलन के बाद छुट्टी दी जा चुकी है। डॉक्टर बाकी मरीजों की मंगलवार को छुट्टी मंजूर करेंगे।

ये भी पढ़ें:-  रायबरेली: गोकशी के वांछितों से पुलिस की मुठभेड़, दो अपराधियों को लगी गोली