अमरोहा: खेल रहे बच्चों पर अचानक गिरी दीवार, सात घायल

अमरोहा: खेल रहे बच्चों पर अचानक गिरी दीवार, सात घायल

हसनपुर, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव बाईखेड़ा में दीवार गिरने से सात बच्चे मलबे में दबकर घायल हो गए। एक घायल बच्चे की हालत नाजुक होने पर उसे मेरठ रेफर किया गया है। बाकी बच्चों का नगर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस मामले में किसी तरह की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही।

मोहल्ले के कई बच्चे सोमवार शाम गांव निवासी व्यक्ति की दीवार के सहारे खेल रहे थे। अचानक दीवार गिर गई जिससे उस पर टिका टिन शेड भी गिर गया। इस कारण बच्चे मलबे में दब गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन में बच्चों को मलबे से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि दक्ष पुत्र सतीश, रविंद्र पुत्र नन्हे, जितेंद्र पुत्र मलुआ, राजा पुत्र महेश, प्रमोद पुत्र हरीराज व बादल तथा बेटी प्रिया घायल हो गए।

घायल सभी बच्चों की उम्र 5 से 10  वर्ष के बीच बताई जा रही है। नगर के निजी अस्पताल में बच्चों का उपचार चल रहा है। नाजुक हालत होने पर प्रमोद को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है।

यह भी पढ़ें- अमरोहा : गम में बदली होली की खुशियां, घर आए युवक की हत्या, गांव से आठ किमी दूर मिला शव