टिकटों की मांग बढ़ी : होली पर बरेली से मुंबई जाना हुआ महंगा, 19366 रुपये रिकार्ड किराया

मुंबई से बरेली आने का किराया 8801 रुपये, बरेली से जाने में 10565 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे

टिकटों की मांग बढ़ी : होली पर बरेली से मुंबई जाना हुआ महंगा, 19366 रुपये रिकार्ड किराया

बरेली, अमृत विचार। होली पर एयर ट्रैफिक बढ़ने पर यात्रियों को हवाई सफर करने के लिए जेब ढीली करनी पड़ रही है। दिलचस्प बात यह है कि मुंबई से बरेली आने में तो एक यात्री को 8801 रुपये का टिकट खरीदना पड़ रहा है लेकिन बरेली से मुंबई जाने के लिए उसे टिकट खरीदने को दो गुनी से अधिक रकम खर्च करनी पड़ रही है।

इंडिगो एयरलाइंस की बुकिंग वेबसाइट पर दर्ज टिकट की बात करें तो 8 मार्च का एक यात्री का बरेली से मुंबई जाने का किराया 19366 रुपये है, यानि जो यात्री मुंबई से बरेली आकर दोबारा मुंबई जाने की तैयारी में है तो उसे 10565 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं। इससे माना जा रहा है कि बरेली से मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी है।

होली मनाकर बरेली से बेंगलुरू, मुंबई समेत अन्य शहरों में नौकरी करने जाएंगे, इसलिए टिकट इतना महंगा हो गया। वहीं, एलाइंस एयर के एटीआर से बरेली से दिल्ली जाने में भी यात्री को 575 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं। वैसे दिल्ली से बरेली का टिकट 2205 रुपये है और बरेली से दिल्ली का टिकट 2780 रुपये है।

एलाइंस एयर की टिकट बुकिंग पर 8 मार्च का उपरोक्त स्टेटस दिखा रहा है। मुंबई फ्लाइट की टाइमिंग मुंबई से 11.10 बजे उड़ान भरकर बरेली एयरपोर्ट 1.30 बजे पहुंचेंगी। यहां से 2.30 बजे उड़ान भरकर 4.45 बजे मुंबई पहुंचेगी। एलाइंस एयर की दिल्ली से 12.45 बजे उड़ान भरकर 1.50 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद यहां से 2.30 बजे उड़ान भरकर फ्लाइट 3.40 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

होली पर लाइंस एयर और इंडिगो ने फ्लाइटों का संचालन नहीं किया बंद
होली त्योहार पर एलाइंस एयर और इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए राहत दी है। दिल्ली और मुंबई से बरेली आने वाले यात्रियों के लिए दिक्कतें झेलनी नहीं होंगी। इस बार बरेली-दिल्ली और बरेली-मुंबई फ्लाइट का संचालन बंद नहीं रहेगा। होली पर भी इनका संचालन जारी रहेगा।

फ्लाइटों का संचालन जारी रखने के मद्देनजर बरेली एयरपोर्ट पर भी निदेशक समेत प्रशासनिक टीम के अधिकारी त्योहार के दिन ड्यूटी पर रहेंगे। इंडिगो और एलाइंस एयर के स्टाफ को भी छुट्टी नहीं मिली है। एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली और मुंबई की फ्लाइटें पूर्ववत उड़ान भरेंगी। इनके संचालन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बेंगलुरू फ्लाइट बुधवार को निरस्त रहती है, इसलिए इसका संचालन बंद है। होली पर एयर ट्रैफिक बढ़ा है। इंडिगो की 180 सीटर एयरबस मुंबई और बेंगलुरू से और यहां से भी फुल उड़ान भर रही हैं। बरेली-दिल्ली फ्लाइट भी फुल चल रही है। यह फ्लाइट सातों दिन संचालित हो रही है। जबकि इंडिगो की दोनों फ्लाइटें भी सातों दिन संचालित हैं।

26 से शुरू है बरेली-जयपुर की उड़ान
इंडिगो ने बरेली-जयपुर फ्लाइट शुरू करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 26 मार्च को फ्लाइट जयपुर से बरेली पहुंचेंगी। इसकी बुकिंग भी इंडिगो की वेबसाइट पर शुरू हो गई है। इस उड़ान के लिए तीन दिन पहले बरेली एयरपोर्ट अथॉरिटी के ट्विटर पर वरुण नाम के यात्री ने शुरू करने की मांग भी रखी थी।

यह भी पढ़ें- बरेली: होली पर 48 घंटे खुले रहेंगे सरकारी अस्पताल