बरेली: कारोबारी की दुकान को चोरों ने बनाया निशाना, रिवाल्वर समेत लाखों की चोरी
बरेली, अमृत विचार। चोरों ने प्रेमनगर इलाके में कार बाजार के कारोबारी के बंद मकान को निशाना बनाया। घर के ताले तोड़कर रिवाल्वर, नकदी समेत लाखों का जेवर चुरा लिया। व्यापारी परिवार के साथ होली मनाने पैतृक घर गए थे। मामले में पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है।
204 बी प्रेमनगर निवासी बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि उनका पैतृक घर नवाबगंज कस्बे के मोहल्ला नौवतगंज में है। होली मनाने के लिए वह 7 मार्च को अपराह्न करीब 3 बजे परिवार के साथ पैतृक घर गए थे। 8 मार्च को सुबह 7.30 बजे उनके पड़ोसी राजदीप बिसारिया ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा है।
वह घर पहुंचे और कमरों में जाकर देखा तो अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। उन्होंने बताया कि चोर 2 लाख से अधिक रुपये, करीब 5 लाख रुपये के जेवर और रिवाल्वर चोरी कर ले गए। उन्होंने मामले में थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कर कराई है।
पुलिस संदिग्ध से कर रही पूछताछ
मोहल्ले में रहने वाला एक व्यक्ति कई दिन से उनके घर के आसपास चक्कर काट रहा था। शक है कि वह वारदात में शामिल हो सकता है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
कोई करीबी हो सकता वारदात में शामिल
बृजेश गुप्ता के घर जिस तरह से चोरी हुई है। उससे अनुमान लगाया जा रहा है कि कोई ऐसा व्यक्ति चोरी में शामिल है, जिसे उनके घर के बारे में पूरी जानकारी है, क्योंकि चोर ने उसी अलमारी का लॉकर तोड़ा, जिसमें जेवरात और रुपये रखे थे, जबकि पास में रखी दूसरी अलमारी में आर्टीफिशियल जेवर रखे थे। उस अलमारी को चोरों ने नहीं छुआ है। वहीं कपड़े भी सही से टंगे हैं। संदेश है कि किसी जानकार ने ही चोर को घर के संबंध में पूरी जानकारी दी हो।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा---राजेश सिंह, इंस्पेक्टर प्रेमनगर।
यह भी पढ़ें- बरेली: होली के बाद यात्रियों का काम पर लौटना शुरू, बसें नहीं मिलने से हो रही परेशानी
