पीलीभीत: श्रमिकों के छप्पर में लगी आग, मचा हड़कंप
पीलीभीत, अमृत विचार। अज्ञात कारणों के चलते श्रमिक के छप्पर में आग लग गई। उस वक्त परिजन तो काम पर गए हुए थे, लेकिन बच्चे भीतर ही थे। धुआं उठता देख लोग जमा हुए और बमुश्किल आग पर काबू किया। हादसे में घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हादसे के चलते मौके पर भीड़ जमा रही। आग के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम गौहनिया निवासी अरुण दास और जयदेव पासवान सगे भाई हैं। मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। शुक्रवार सुबह दोनों भाई काम से गए हुए थे। घर पर दोनों की पत्नियां व बच्चे रुके थे। इस बीच उनके छप्पर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग भीषण हो गई। धुआं व आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण जमा हो गए। परिवाले भी चीखते चिल्लाते घर के बाहर सुरक्षित स्थान पर आ गए। एकजुट होकर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। हालांकि तब तक छप्पर में रखे कपड़े, अनाज, बर्तन समेत अन्य गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित भाइयों ने दो से तीन लाख रुपये के नुकसान बताया है।
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: होली पर आधी आबादी के उत्सव का बजा डंका, मर्द पड़े फीके, महिलाओं के रंगों ने शहर किया चंगा
