अयोध्या: मौसम का मिजाज बिगाड़ रहा लोगों की सेहत, वायरल फीवर के बढ़ रहे मरीज
कुमारगंज, अयोध्या। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर पर अब लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। मौसम के बदलते मिजाज के कारण अस्पतालों में वायरल फीवर से मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय की ओपीडी में वायरल फीवर, सर्दी-खांसी और उल्टी-दस्त के मरीजों की तादात बढ़ गई है। इनमें सबसे ज्यादा संख्या बच्चों की है। वहीं अस्पताल प्रशासन का दावा है कि बदलते मौसम के कारण वायरल फीवर के मरीज बढ़ रहे हैं, जिनका बेहतर उपचार किया जा रहा है।

मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के सौ शैय्या अस्पताल में प्रतिदिन 300 से 500 मरीज ओपीडी में आ रहे हैं, जिनमें 100 से 120 बच्चे शामिल रहते हैं। नगर पंचायत कुमारगंज के 4 वर्षीय प्रांजल, 7 वर्षीय प्रज्ञा, व बिहारा निवासी 6 वर्षीय आर्यन, 5 वर्षीय दिव्यांशी, डेढ़ वर्षीय आशुतोष को उल्टी-दस्त की शिकायत पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर उनका भर्ती कर उपचार कर रहे हैं।
अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. गनेश ने बताया कि ठंड व गर्म के मौसम के कारण बच्चों में सर्दी-खांसी, उल्टी दस्त और पेट दर्द की शिकायत ज्यादा है। उन्होंने बताया कि दो दिनों के भीतर 6 से अधिक बच्चे उल्टी दस्त से पीड़ित हैं, जिनका भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। डॉ. गनेश ने कहा कि इस मौसम में सबसे ज्यादा ध्यान बच्चों का रखना जरूरी है। बच्चों को बाहर की खाद्य सामग्री के सेवन करने से रोकना चाहिए। इसके साथ घर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: बहन के घर होली मिलने जा रहे भाइयों से लुटेरों छीनी चेन
