Mahoba Fire News : आग से धूं-धूं कर जला किराना गोदाम, बुझाने में लगे पांच घंटे, तीन लोग झुलसे, दस लाख का नुकसान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महोबा में किराना गोदाम में आग से दस लाख का नुकसान।

महोबा के पनवाड़ी थाना क्षेत्र में किराना गोदाम में आग लगने से दस लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। दो मंजिल इमारत के नीचे गोदाम और ऊपरी हिस्से में परिवार रहता था। पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

महोबा, अमृत विचार। कस्बा पनवाड़ी के मुहल्ला पाठकपुरा में बिजली शार्ट सर्किट के चलते शुक्रवार की सुबह अचानक दो मंजिला इमारत में बने किराना गोदाम और ऊपर बने रिहायशी मकान में आग लग गई। आग की लपटों और धुएं का गुबार देख परिजन और मुहल्ले के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर शराबा सुनकर तमाम लोग एकत्र हो गए और आग बुझाने में जुट गए।
 
ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी। आगजनी की सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और पुलिस की मदद से पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गोदाम और मकान में रखा दस लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने और मकान के अंदर फंसे परिजनों को बाहर निकालने के चक्कर में तीन लोग झुलस गए। एक ग्रामीण की हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया गया। 
 
कस्बा पनवाड़ी के मुहल्ला पाठकपुरा निवासी ऋषिराज गुप्ता पुत्र मुन्नीलाल गुप्ता का दो मंजिल इमारत के नीचे अपना किराना दुकान का गोदाम और ऊपर मंजिल में आवासीय मकान बनाए हुए है। शुक्रवार की सुबह अचनाक बिजली के शार्ट सर्किट से किराना गोदाम में आग लग गई और धीरे धीरे आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। मकान में धुएं का गुबार भरने पर परिजनों की आंख खुल गई।
 
आग की लपटे देख परिजन किसी तरह चीखते चिल्लाते हुए मकान के बाहर आ गए, जबकि कुछ लोग मकान के अंदर फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए इनायत खान, मनोज कुमार, ऊपरी मंजिल में पहुंच गए और परिजनों को बाहर निकालने लगे, तभी तीनों लोग झुलस गए, जबकि मनोज एक बच्चे को बाहर निकालते समय गिर गया, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया, जिसे डाक्टरों ने मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया।
 
बाद में पहुंचे दमकल विभाग के जवान भी आग बुझाने में जुट गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने भी मुहल्ले वासियों के साथ आग बुझाने में सहयोग किया। चारो तरफ से लोग पानी डालते रहे, लेकिन आग की लपटे इतनी तेज हो चुकी थी कि दमकल विभाग के जवान, पुलिस और मुहल्ले वासियों की मदद से पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
 
लेकिन तब तक लाखों रुपये की संपत्ति जलकर बबार्द हो चुकी थी। किराना गोदाम मालिक का कहना है कि इस आगजनी से गोदाम में रखा सारा सामान जलकर बर्बाद हो गया है साथ ही तीन व्यक्ति भी आग की लपटों से झुलस गया, जिसमें से एक की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज झांसी उपचार के लिए ले जाया गया है। 
 

अग्निकांड की बर्बादी से पीड़ित पर आर्थिक संकट 

 
पनवाड़ी कस्बे में गोदाम में आग लगने के बाद चारो तरफ से मकान में धुआं भर जाने से दमकल विभाग के लोग भी कुछ न दिखने के कारण खासा परेशान रहे। बाद में जेसीबी मशीन से पीछे की दीवार तोड़कर धुआं निकाला गया, इसके बाद दमकल विभाग के जवान आग बुझाने में जुट गए। आग की लपटो को देकर तीन दमकल गाड़ियां मंगाई गई साथ ही तीन पानी के टेंकरों का इंतजाम किया गया। इसके बाद भी संपत्ति को जलने से नहीं बचाया जा सका। कुलपहाड़ और महोबा से दमकल गाड़ियां मंगाई गई। इसके अलावा पुलिस फोर्स भी सहयोग में जुटा रहा। पीड़ित का सबकुछ जलकर बर्बाद हो गया। उसका परिवार आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा है।

 

संबंधित समाचार