Kanpur Crime : फैक्ट्रीकर्मी को लूटकर सड़क किनारे फेंका, परिजन बोले- हत्या करने के बाद फेंका गया शव
कानपुर में फैक्ट्रीकर्मी को लूटकर सड़क किनारे शव फेंका।
कानपुर में फैक्ट्रीकर्मी को लूटकर सड़क किनारे फेंक दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कानपुर, अमृत विचार। पनकी थानाक्षेत्र अंतर्गत फैक्ट्री कर्मी को लूटपाट कर बदमाशों ने सड़क किनारे शव को फेंककर सनसनी फैला दी। होली पर युवक फैक्ट्री से सैलरी लेकर निकला था। परिजन पिछले तीन दिन से उसकी तलाश कर रहे थे। वारदात के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। आक्रोशितच परिजनों ने हत्या किए जाने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
औरंगाबाद हीरामंसा थाना मंगलपुर तहसील डेरापुर निवासी (35 वर्षीय) राजेश कुमार पनकी साइड तीन में दलिया फैक्ट्री में काम करता था। राजेश के चाचा कृष्ण भारती ने बताया कि सोमवार को वह होली त्योहार पर शामिल होने के लिए फैक्ट्री से सैलरी लेकर निकले थे। इसके बाद वह साथी गांव के निवासी रवींद्र कुमार के साथ सरायमीता के कमरे चले गए थे। उन्होंने बताया कि जब मंगलवार को रवींद्र गांव पहुंच गए और राजेश नहीं पहुंचे तो उनकी बेटी ने रवींद्र से पापा के बारे में जानकारी हासिल की।
जिस पर उसने एक दिन पहले फैक्ट्री से निकल जाने की बात कही। परिजनों के अनुसार वह जब दो दिन तक नहीं पहुंचे तो वह सबसे पहले जीआरपी पनकी पहुंचे, जहां उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद वह लोग पनकी साइड एक में बनी पुलिस चौकी पहुंचे जहां उन लोगों ने राजेश की फोटो दिखाकर पूछताछ की। जिसके बाद पुलिस ने सरायमीता में सड़क किनारे शव मिले होने की जानकारी दी। जिसके बाद वह लोग सीधे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे,और शिनाख्त की।
घटना की जानकारी होने पर पत्नी शीला देवी व बच्चे अंजलि, प्रांशु, हिमांशु, सुधांशु, भूरी व सनी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है, कि राजेश के पास बैग था, हजारों की नकदी थी और जरूरी कागज थे, जो मौके से कुछ भी नहीं मिला है। पनकी पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में हेड इंजरी की पुष्टि हुई है। किसी वाहन से हादसा हुआ है। फिर भी परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला सतना के युवक का शव जमीन पर पड़ा मिला
बजरिया थानाक्षेत्र अंतर्गत रामबाग निवासी दीपक गुप्ता कार और बाइक के सीट कवर का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके घर के एक कमरे में जिला सतना न्यू आरवाडी वार्ड एक निवासी (22 वर्षीय)मोहम्मद अरशद का शव कमरे में संदिग्ध हालात में जमीन पर पड़ा मिला। सुबह जब वह कमरे के बाहर नहीं आया तो वह कमरे में पहुंचे, जहां वह मृत पड़ा हुआ था। तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फोरेंसिक मौके पर पहुंच गई और घटना के साक्ष्य जुटाए। दीपक के परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात मोहम्मद अरशद खाना खाकर गया था। इसके बाद उसकी मौत कैसे हो गई। किसी को कुछ नहीं पता है। मृतक की पीएम रिपोर्ट में बिसरा सुरक्षित रखा गया है। वहीं घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
