बरेली: 300 बेडेड हॉस्पिटल में गंदगी मिलने पर भड़के राज्यमंत्री
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण के फैलने के मद्देनजर गंभीर मरीजों को समुचित इलाज की व्यवस्था कराने के लिए 300 बेडेड हॉस्पिटल को पूर्णरूप से डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल एल-2 बनाने के लिए शासन का स्थानीय प्रशासनिक और स्वास्थ्य अफसरों पर दबाव बढ़ गया है। शुक्रवार सुबह राज्य स्वास्थ्य मंत्री अतुल गर्ग ने जब 300 बेडेड …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण के फैलने के मद्देनजर गंभीर मरीजों को समुचित इलाज की व्यवस्था कराने के लिए 300 बेडेड हॉस्पिटल को पूर्णरूप से डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल एल-2 बनाने के लिए शासन का स्थानीय प्रशासनिक और स्वास्थ्य अफसरों पर दबाव बढ़ गया है।
शुक्रवार सुबह राज्य स्वास्थ्य मंत्री अतुल गर्ग ने जब 300 बेडेड हॉस्पिटल का निरीक्षण किया, तब उनका पूरा फोकस इस हॉस्पिटल को जल्द डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल बनवाने पर रहा। हॉस्पिटल में कई जगह गंदगी मिलने पर राज्यमंत्री भड़क गए और स्वास्थ्य अफसरों के साथ कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाई। राज्य स्वास्थ्य मंत्री ने 10 दिन में हॉस्पिटल को एल-2 हॉस्पिटल बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान राज्यमंत्री ने स्वास्थ्य अफसरों से कहा कि जल्द खामियां दूर करा लें। कोविड-19 चिकित्सालय बनाने के साथ 20 मरीजों को आईसीयू में भर्ती करने की व्यवस्था भी कराएं। राज्यमंत्री ने संकेत दिए कि 300 बेड अस्पताल का उद्घाटन करने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली आ सकते हैं।
इससे पहले राज्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट स्थित कोविड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान राज्यमंत्री ने सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग, सीएमओ डा. विनीत गर्ग, अपर जिलाधिकारी नगर महेंद्र कुमार समेत अन्य अफसरों से संक्रमितों को ट्रेस करने के साथ कान्टेक्ट ट्रेसिंग के बारे में जानकारी ली। होम आईसोलेशन में रहने वाले मरीजों की निगरानी कड़ी करने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने अफसरों से कहा है कि वह कन्टेनमेंट जोन में हर किसी की कोविड जांच कराएं, ताकि संक्रमण को नियंत्रण करने में मदद मिल सके। राज्यमंत्री अतुल गर्ग के साथ शहर विधायक डा. अरुण कुमार भी मौजूद रहे।
वसूली की शिकायत मिलने पर जांच कराकर करें कार्रवाई
राज्य स्वास्थ्य मंत्री अतुल गर्ग ने एक कोविड अस्पताल में वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लिया हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि कहीं से शिकायत मिलती है तो जांच कराकर उचित कार्रवाई करें। किसी हालत में कोविड नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। हर विभाग कोविड को नियंत्रण करने के लिए संयुक्त रूप से प्रयास करें।
संक्रमण की रफ्तार के पीछे के कारणों को जानने का किया प्रयास
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने सर्किट हाउस में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ कोविड-19 की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संक्रमण की रफ्तार के पीछे के कारणों को जानने का प्रयास किया। कोरोना संक्रमितों के इलाज की जानकारी ली। इसके बाद स्वास्थ्य अफसरों को निर्देश दिया कि संक्रमितों की रिपोर्ट आने के बाद जल्द से जल्द अस्पताल में एडमिट कराएं। ताकि मरीज का समय से इलाज शुरू हो सके। उन्होंने मरीजों की शिकायतों को गंभीरता से लेने के भी निर्देश दिए।
राज्य स्वास्थ्य मंत्री ने माना जनपद में फैला है संक्रमण
बरेली जनपद में जून माह के बाद कोरोना ने जो रफ्तार पकड़ी है, उसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को राज्य स्वास्थ्य मंत्री अतुल गर्ग ने भी माना कि बरेली में कोरोना संक्रमण फैला है। करीब 2000 कोरोना के सक्रिय मरीज हैं। जबकि करीब 1400 मरीज ठीक हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री बोले- 300 बेड का डेडिकेटेड कोविड अस्पताल शीघ्र क्रियाशील करें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में टीम-11 के साथ कोविड-19 की समीक्षा की और बरेली समेत अन्य जिलों में विशेष सतर्कता बरतते हुए चिकित्सा व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए हैं। सीाएम ने बरेली में 300 बेड का डेडिकेटेड कोविड अस्पताल शीघ्र क्रियाशील कराने के निर्देश अफसरों को दिए। बोले- कोरोना संक्रमित रोगी की स्थिति को देखते हुए उसका इलाज एल-1, एल-2 अथवा एल-3 कोविड चिकित्सालय में कराने को कहा है।
