बरेली: यूपी बोर्ड में ऑनलाइन पढ़ाई का कैलेंडर जारी
बरेली,अमृत विचार। कोरोना के कारण स्कूल न खुलने की वजह से यूपी बोर्ड ने सत्र 2020-21 के लिए ऑनलाइन शिक्षण कार्य का कैलेंडर जारी कर दिया है। जिन विद्यार्थियों के पास ऑनलाइन तरीके से पढ़ाई करने के साधन नहीं है, उनके लिए अगस्त महीने में ही दूरस्थ शिक्षा संबंधित सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। कोरोना संक्रमण …
बरेली,अमृत विचार। कोरोना के कारण स्कूल न खुलने की वजह से यूपी बोर्ड ने सत्र 2020-21 के लिए ऑनलाइन शिक्षण कार्य का कैलेंडर जारी कर दिया है। जिन विद्यार्थियों के पास ऑनलाइन तरीके से पढ़ाई करने के साधन नहीं है, उनके लिए अगस्त महीने में ही दूरस्थ शिक्षा संबंधित सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
कोरोना संक्रमण के कारण सभी स्कूल-कॉलेज बंद चल रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई पर इसका बेहद बुरा असर हो रहा है। इन सबको देखते हुए ऑनलाइन पढ़ाई ही एक मात्र सहारा है। मगर यह भी सच है कि यूपी बोर्ड की ऑनलाइन पढ़ाई का फायदा महज 30-40 फीसदी बच्चे ही उठा पा रहे हैं। बोर्ड को भी इसका आभास है, इसलिए कैलेंडर जारी करते समय इन छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
ऐसे छात्र जिनके पास ऑनलाइन शिक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है, उनके लिए दूरस्थ शिक्षा से संबंधित पाठ्य सामग्री प्रिंसिपल उपलब्ध करवाएंगे। इसके बाद मासिक परीक्षा के लिए स्कूल में ही ड्रॉप बॉक्स भी बनाया जाएगा। इसमें वे अपने उत्तर डाल सकेंगे। वहीं, कक्षावार तरीके से स्वंप्रभा और डीडी यूपी पर भी कार्यक्रम प्रसारित किए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद और दीक्षा पोर्टल से छात्र अपनी किताबों को भी डाउनलोड कर सकते हैं।
