बरेली: बैंक में ग्राहक के रुपए चोरी, सभी CCTV खराब...ड्यूटी से सुरक्षाकर्मी भी नदारद
बरेली/सीबीगंज, अमृत विचार। बैंक में रुपए जमा करने गए ग्राहक की रकम बैंक के अंदर से ही गायब हो गई। हैरत की बात यह है कि बैंक के सीसीटीवी खराब निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
मामला रामपुर रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का है। थाना किला के जागृति नगर में रहने वाले साजिद रजा खां ने दर्ज मुकदमा में बताया कि उनका खाता सीबीगंज स्थित एसबीआई बैंक में है, वह शुक्रवार शाम करीब 4:00 बजे 88 हज़ार की रकम अपनी फर्म हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन के खाते में जमा करने पहुंचे थे, वह रकम जमा करने का बाउचर भर रहे थे कि इसी दौरान एक पॉलीबैग में रखें 88 हजार की रकम पलक झपकते ही अज्ञात चोर ने पार कर दी।
घटना के दौरान बैंक में एक दो ग्राहक ही थे। काफी ढूंढने के बाद भी पीड़ित को उसकी रकम वापस नहीं मिली। उसने बैंक मैनेजर से जाकर सीसीटीवी कैमरे देखने की गुहार लगाई तो पता चला कि बैंक के सारे सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं। सूचना पर सीबीगंज थाने से पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।
बैंक ड्यूटी से नदारद थे पुलिसकर्मी
सभी बैंकों में सरकार के आदेश पर प्रतिदिन पुलिस ड्यूटी लगाई जाती है ताकि कोई अपराधिक घटना बैंक परिसर में ना हो सके। ड्यूटी के दौरान सिपाही या होमगार्ड पब्लिक डीलिंग होने तक तैनात रहते हैं। पीड़ित का आरोप है कि घटना के समय वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। बैंक का निजी गार्ड को भी घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं हुई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो बैंक मैनेजर ने तलाशी लेने से मना करवा दिया। उनका कहना था कि बिना वारंट के पुलिस बैंक किसी की तलाशी नहीं कर सकती।
यह भी पढ़ें- बरेली: सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण, गायब मिले डॉक्टर और कर्मचारी
