बिजनौर: स्कालरशिप आवेदन सत्यापन न होने पर छात्रों ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/ नूरपुर, अमृत विचार। जनता कालेज आफ फार्मेसी के छात्रों ने स्कालरशिप आवेदन सत्यापन न होने पर कालेज में हंगामा करते हुए प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। 
   
छात्रों ने स्कालरशिप आवेदन सत्यापन में कालेज स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। हंगामे के दौरान छात्रों ने कालेज प्रबंधक के नाम ज्ञापन प्राचार्य को सौंपा। ज्ञापन में कहा कि कालेज के सभी छात्र छात्राओं के छात्रवृत्ति आवेदन सत्यापित नहीं हो पाये हैं। कालेज अध्यापकों की लापरवाही के कारण अंतिम तिथि बीतने पर समाज कल्याण विभाग द्वारा सभी छात्रों के छात्रवृत्ति दस्तावेज अस्वीकार कर दिये गये हैं। उनके समक्ष कालेज फीस जमा करने के लिए आर्थिक संकट पैदा हो गया है। 

छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रवृत्ति नहीं आती है तो छात्रवृत्ति की राशि के बराबर फीस माफ करनी होगी। ज्ञापन देने वालों में  मोहम्मद फरहान, सुऐब आलम, यशराज त्रिवेदी, रचित कुमार, मोहम्मद ओसामा, गौरव कुमार आदि शामिल रहे। इस संबंध में कालेज प्राचार्य मोहम्मद यूनुस ने सभी छात्रों के छात्रवृत्ति आवेदन सत्यापित न होने के आरोप को गलत बताते हुए सभी के आवेदन सत्यापित होने का दावा किया है।

ये भी पढ़ें:- बिजनौर: वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

संबंधित समाचार