पीलीभीत: पांच अप्रैल से पंच तख्त की यात्रा कराएगी गुरुकृपा टूरिस्ट ट्रेन, बुकिंग शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्पेशल ट्रेन में चढ़ने-उतरने की व्यवस्था के लिए सात स्टेशन किए गए शामिल

पीलीभीत, अमृत विचार। इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटिड (आईआरसीटीसी) अलग-अलग पर्यटक स्थलों के भ्रमण के लिए टूर पैकेज का संचालन कर रहा है। उसी कड़ी में आईआरसीटीसी सिख धर्म के अनुयायियों के लिए गुरुकृपा टूरिस्ट ट्रेन चलाने जा रहा है। यह ट्रेन लखनऊ से रवाना होगी, जो पंच तख्त की यात्रा कराएगी।

WhatsApp Image 2023-03-11 at 8.33.22 PM
प्रेस क्रांफ्रेस में जानकारी देते सीनियर एग्जीक्यूटिव आईआरसीटीसी नवनीत गोयल।

शनिवार को पीलीभीत जंक्शन पर आयोजित हुई प्रेस कांफ्रेस में सीनियर एग्जीक्यूटिव आईआरसीटीसी नवनीत गोयल ने बताया कि इंडियन रेलवे केटरिंग एण्ड टूरिज्म कार्पोरेशन लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए पंच तख्त यात्रा शुरू की है। यह यात्रा पांच अप्रैल 2023 से शुरू होकर 15 अप्रैल 2023 को संपन्न होगी।

यह पूरा पैकेज 10 रात्रि एवं 11 दिनों का होगा। अब तक सवा सौ से ज्यादा बुकिंग हो चुकी हैं। खास बात यह है कि इस यात्रा के लिए लखनऊ, सीतापुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर और मुरादाबाद स्टेशनों पर इस स्पेशल ट्रेन में चढ़ने-उतरने की व्यवस्था की गई है।

इस पैकेज में तीनों समय के भोजन के साथ एसी/नॉन एसी होटल में रूकने एवं एसी/नॉन एसी बसों द्वारा स्थानीय भ्रमण सम्मिलित आईआरसीटीसी द्वारा कराया जाएगा। इस दौरान रेलवे स्टाप एसएस धर्मेंद्र कुमार, नवनीत गोयल व सिख समुदाय से गुरविंदर सिंह, अमर पाल सिंह, परविंदर सिंह, बलवीर सिंह, जसविंदर पाल सिंह, दलवीर सिंह आदि मौजूद रहे।

इन स्थलों का कराया जाएगा भ्रमण
पंच तख्त की यात्रा दौरान आनंदपुर साहिब में श्री केसगढ़ साहिब गुरुद्वारा और विरासत-ए-खालसा, कीरतपुर साहिब में गुरुद्वारा श्री पातालपुरी साहिब, सरहिंद में गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब, अमृतसर में श्री अकाल तख्त और स्वर्ण मंदिर, भटिंडा में श्री दमदमा साहिब, नांदेड़ में तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, बीदर में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक झीरा साहिब एवं पटना में गुरुद्वारा श्री हरमंदिरजी साहिब का भ्रमण कराया जाएगा।

इतना होगा पैकेज का किराया
कम्फर्ट श्रेणी में एक व्यक्ति के ठहरने पर पैकेज का मूल्य 48,275 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। दो या तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य 39,999 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित है। साथ ही साथ एयर कंडीशंड ट्रांसपोर्ट की भी व्यवस्था रहेगी।

स्टैंडर्ड श्रेणी में एक व्यक्ति के ठहरने पर पैकेज का मूल्य 36,196 रुपए प्रति व्यक्ति है। दो या तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य 29,999 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित है। इस पैकेज में यात्री 3 एसी में होगी। साथ ही बजट होटल में नॉन एसी रूम और नॉन एसी ट्रांसपोर्ट की सुविधा दी जाएगी।

बजट श्रेणी में एक व्यक्ति के ठहरने पर पैकेज का मूल्य 24,127 रुपए प्रति व्यक्ति है। दो या तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य 19,999 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। इस पैकेज में स्लीपर क्लास में यात्रा की जा सकेगी। ठहरने का इंतजाम नॉन एसी होटल में होगा। लोकल ट्रांसपोर्ट के लिए नॉन एसी ट्रांसपोर्ट की सुविधा दी जाएगी।

ईएमआई की भी दी गई सुविधा
पैकेज में खास बात यह भी है कि इसमे ईएमआई से भी भुगतान किया जा सकता है। मात्र 961 रुपये की ईएमआई से इस पैकेज को बुक कर सकते हैं। इसकी बुकिंग आईआरसीटीसी की बेवसाइट www.irctctourism.com से आनलाइन बुकिंग भी कराई जा सकती हैं। अधिक जानकारी एवं बुकिंग के लिए यात्री मोबाइल नंबर 8287930908/8287930909 व 8287930902 पर बात कर सकते हैं।

संबंधित समाचार