फिर हो गया पप्पू फेल... पंक्तियों पर छिड़ा ट्विटर वार, कांग्रेस ने कवि व शायर को बताया नीच मानसिकता से ग्रसित
अमृत विचार, उन्नाव। उन्नाव में तैनात कवि व शायर इंस्पेक्टर धर्मराज अपनी कविताओं को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। होली पर उनकी एक कविता फिर सुर्खियों में आ गई है। इसमें कांग्रेस के युवराज पर हुए तंज पर अब ट्विटर वार छिड़ गया है। कांग्रेस के ट्वीट में इंस्पेक्टर को नीच मानसिकता वाला बताते हुए इसे पुलिस आचरण नियमावली का उल्लंघन बताया है।
बता दें कि जिले की अपराध शाखा में तैनात इंस्पेक्टर धर्मराज उपाध्याय कवि-शायर भी हैं। वे अपने शायराना अंजाद व कविताओं को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। बीते दिनों उनकी एक रचना ‘ठांस के पिस्टल बुलट पा घुमिहौ, दारोगा जस मजा मास्टरी मा न पइहो’ पर शिक्षक नेता नाराज हुए थे। अब होली पर गायी गयी उनकी एक कविता चर्चा का विषय बनी हुई है। जिसके बोल कुछ यूं है कि ‘भारत जोड़ो-भारत जोड़ो खेल रहा था खेल, तीन राज्य से साफ हुआ फिर हो गया पप्पू फेल जोगीरा सारा रारा रा’।
यह कविता जैसे ही ट्विटर पर साझा हुई तो कांग्रेसियों में भूचाल आ गया। कांग्रेस ने ट्वीट कर इंस्पेक्टर को नीच मानसिकता से ग्रसित बता लिखा कि पुलिस एडवाइजरी के मुताबिक कोई पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर राजनैतिक दल, राष्ट्रीय नेता या राजनेता पर टिप्पणी नहीं कर सकता है। लेकिन, इस इंस्पेक्टर ने सबकी धज्जियां उड़ा दी।
इसे लेकर कवि-शायर धर्मराज उपाध्याय ने बताया कि मैने कविता में किसी पार्टी व राजनेता का नाम नहीं लिया है। मैने चुटकीले अंदाज में व्यंग किया है। जो कोई भी शायर या कवि कर सकता है। अगर कोई मानता है कि उसका पप्पू नाम है तो आगे से ऐसी कविता का वाचन नहीं करुंगा।
यह भी पढ़ें:-कानपुर पुलिस ने महिला के साथ लूट के आरोपियों को 12 घंटे में दबोचा
