Weather Forecast Kanpur : लू के साथ बीतेगा मार्च का आधा महीना, मौसम विभाग ने तेज गर्म हवा के साथ दिए यह संकेत
Weather Forecast Kanpur कानपुर में मार्च के महीने में होने लगी गर्मी।
Weather Forecast Kanpur कानपुर में मार्च के महीने में होने लगी गर्मी। कल पश्चिमी विक्षोभ हिमालय पहुंचेगा। जिससे लू के साथ मार्च का आधा महीना बीतेगा। वहीं, विभाग ने भी तेज गर्म हवा के संकेत दिए।
कानपुर, अमृत विचार। Weather Forecast Kanpur गर्मी से परेशान लोगों के लिए मौसम विभाग ने राहत भरे संकेत दिए हैं। सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसका असर कानपुर सहित उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के मौसम पर नजर आएगा। बदली तो छाई ही सकती है, साथ ही हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। इससे हवा में ठंडक की संभावनाएं हैं। हालांकि राहत भरा यह मौसम मंगलवार और बुधवार को ही रह सकता है। 15 मार्च के बाद धीरे-धीरे फिर गर्म हवा का असर दिखना शुरू हो जाएगा।
मार्च महीने में बीच-बीच में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम से कुछ राहत भी मिल रही है। सीएसए विवि के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम में हलचल है। इस वजह से थोड़ा बहुत बदलाव के साथ मौसम दिखने की संभावना है। पारा लगातार 30 के पार जा रहा है, जो दो दिन राहत भरा रह सकता है। उन्होंने बताया कि सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय तक पहुंचेगा।
यानि उत्तराखंड, हिमांचल प्रदेश सहित पर्वतीय इलाकों में उसकी दस्तक का असर कानपुर सहित उत्तरी-पूर्वी क्षेत्रों में दिखेगा। उन्होंने बताया कि बहुत ज्यादा असर तो नहीं पड़ेगा, लेकिन सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ के पहुंचने के असर अगले दो दिन तक नजर बाएगा। बदली छाने से धूप हल्की होगी और हवा में भी ठंडक बढ़ेगी। मंगलवार और बुधवार को हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी। उसके बाद फिर मौसम गर्मी के साथ आगे बढ़ेगा।
अभी कुछ और दिन मुंबई-गोवा जैसा मौसम
कानपुर में अभी कुछ और दिन मुंबई-गोवा जैसा मौसम रहने वाला है। मौसम विज्ञानी डॉ. पांडेय ने बताया कि रात यानि न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है। बावजूद इसके समुद्री इलाकों की तरह ही अभी कुछ दिन शहर का मौसम रहने वाला है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास का अंतर बना रहेगा। शनिवार को 30.4 अधिकतम और 14.6 न्यूनतम तापमान के साथ करीब 16 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा, जबकि रात में चौबीस घंटे में एक डिग्री सेल्सियस तक तापमान में वृद्धि हुई है।
