बरेली: टीकाकरण न होने से कुत्तों में फैल रहा पार्वो वायरस
विशेषज्ञों के अनुसार हर जगह कुत्तों को खुला छोड़ने और सफाई का ध्यान न रखने पर आ रही समस्या
बरेली, अमृत विचार। मौसम बदलने से पालतू कुत्ते पार्वो वायरस की चपेट में आ रहे हैं। इस बीमारी से कुत्तों की आंत में संक्रमण हो रहा है। समय पर इलाज नहीं मिलने से कुत्तों को खून की उल्टी होने होने की शिकायतें भी आ रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार टीकाकरण न होने से कुत्ते इसकी चपेट में आ रहे हैं। आईवीआरआई के रेफरल पशु चिकित्सा पालीक्लिनिक में रोजाना 10-12 कुत्ते पार्वो वायरस से ग्रसित पहुंच रहे हैं।
आरवीसी प्रभारी डा. अमरपाल ने बताया कि आमतौर पर यह वायरस ठंड के मौसम में फैलता है, लेकिन इस बार इसका असर ज्यादा है। अभी भी इस वायरस की चपेट में आए कुत्ते उपचार के लिए अस्पताल लाए जा रहे हैं। इस बीमारी से कुत्ते की आंत पूरी तरह से संक्रमित हो जाती है। कुछ भी खाते ही उल्टी और दस्त शुरू हो जाते हैं। छोटे कुत्ते पर ये अधिक प्रभावित होने से उनकी जान पर भी बन आती है।
वायरस से बचाने को कुत्तों को लगते हैं तीन टीके
जानवरों में तमाम तरह की संक्रामक बीमारियां होती है। इनमें कुत्तों में होने वाली बीमारियों में पार्वो वायरस बेहद घातक है। यह एक वायरल बीमारी है और समय पर उपचार न मिलने से जानवरों की मौत तक हो जाती है। वायरस से कुत्तों को बचाने के लिए तीन टीके लगाए जाते हैं। इनमें पहला टीका पिल्ले को डेढ़ महीने की उम्र में, दूसरा ढाई और तीसरा टीका साढ़े तीन महीने की उम्र में लगाया जाता है। बड़े जानवरों को इस वायरस से कोई खतरा नहीं, लेकिन छोटे जानवरों के लिए यह वायरस गंभीर खतरा पैदा कर रहा है।
बाजार में 200 रुपये से शुरू होती है टीके की बिक्री
बाजार में पार्वो वायरस के एक टीके की कीमत तकरीबन दो सौ रुपये से शुरू होती है। बाजार में पशुओं की दवा बेचने वाले केमिस्ट के पास टीका उपलब्ध है। वायरस से बचाव के लिए शुरुआत से ही कुत्तों का टीकाकरण बेहद जरूरी है।
यह भी पढ़ें- बरेली: स्कूल की ड्रेस में युवक का फायर करते हुए वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस
