बरेली: रोडवेज के सामने नाले पर बनी मार्केट की दुकानों को तीन दिन बाद तोड़ेगा निगम
बरेली, अमृत विचार। बरसात से पहले शहर के नालों की सफाई कराने का दावा किया जा रहा है, मगर नगर निगम के सामने नालों पर हुए पक्के निर्माण से निपटना किसी चुनौती से कम नहीं है। शहर में कई मार्केट और घर नाले को ढक कर बने हैं। रोडवेज के सामने बनी मार्केट नाले पर अतिक्रमण कर बना ली गई है। एक दर्जन से ज्यादा दुकानें नालों के ऊपर बनी हैं। निगम के अफसरों ने दुकानदारों से 15 मार्च तक नालों पर हुए अतिक्रमणों को खुद हटा लेने को कहा है। उसके बाद सख्ती बरतने और दुकानें तोड़ने की चेतावनी दी है।
नावेल्टी चौराहे से बरेली कॉलेज की ओर रोडवेज बस अड्डे के सामने बिजली मार्केट है। पिछले दिनों इस मार्केट के दुकानदारों की दुकानें टैक्स जमा नहीं करने पर सील कर दी गई थीं। सिफारिश और टैक्स का कुछ हिस्सा जमा करने पर दुकानें तो खुल गईं लेकिन अब नाले पर अतिक्रमण कर दुकानें बनाने का मामला सामने आया है।
अतिक्रमण न हटने से चौड़ीकरण का कार्य अटका
अतिक्रमण नहीं हटने से कालेज रोड पर सड़क चौड़ीकरण का काम रुक गया है। रोडवेज बस अड्डे के सामने इलेक्ट्रिक बाजार में एक तरफ की सड़क को चौड़ा करने के लिए खोदा गया है, लेकिन दो माह बीतने के बाद भी सड़क को चौड़ीकरण नहीं हो सका है। खोदाई के बाद सड़क ऊंची नीची हो गई है।
इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्ट्ल पर की गई, मगर अफसरों ने इसका संज्ञान नहीं लिया। व्यापार मंडल के चेयरमैन सतीश अग्रवाल ने बताया कि नाले की दीवार टूटने से गंदा पानी सड़क पर भर रहा है। फुटपाथ नहीं बनने से लोग सड़क पर वाहन खड़े कर रहे हैं। यहां कई दुकानदारों ने अपना सामान भी चौड़ीकरण को खोदे गये फुटपाथ पर रख लिया है।
अतिक्रमण : आबकारी विभाग की चहारदीवारी भी टूटेगी
तहसील गेट के सामने आबकारी विभाग के गोदाम की चहारदीवारी नाले के ऊपर बनी है। इससे जंक्शन की तरफ जा रहे नाले का बहाव रुक गया है। अफसरों का कहना है कि नाला जंक्शन की तरफ जा रहा है, लेकिन बीच में दुकानदारों ने इस बहाव को रोक दिया है।
शराब गोदाम के पास से कचहरी की ओर से नाली भी मुख्य मार्ग पर आकर संकरी हो गई है। गन हाउस से मुड़कर यह नाली जंक्शन की ओर जा रही है। इस मार्ग पर कई होटल भी हैं। एक होटल के पास हुई खोदाई से लग रहा है कि नाले की जगह छोड़कर खोदाई की जा रही है। दुकानदारों का कहना है उन्होंने कोई अतिक्रमण नहीं किया है। नाली की सफाई के लिए जाल लगवाया है। निगम के अफसरों का कहना है कि जंक्शन रोड पर भी व्यापारियों ने नाले पर अतिक्रमण कर रखा है, उसे तुड़वाया जाएगा।
नाले पर किया गया पक्का अतिक्रमण हर हाल में तोड़ा जाएगा। नगर आयुक्त ने 15 मार्च तक पक्का निर्माण हटा लेने का आग्रह अतिक्रमण करने वालों से किया है। उसके बाद निगम सख्ती करेगा और पक्के निर्माण को तोड़ेगा और इसका खर्चा भी अतिक्रमण करने वालों से वसूलेगा---अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त।
यह भी पढ़ें- बरेली: झांसे में लेकर पौने चार लाख रुपये हड़पे, रिपोर्ट दर्ज
