अमरोहा: दुकान के बंटवारे को लेकर भाई की हत्या
अमरोहा, अमृत विचार। थाना आदमपुर की चौकी रहरा के गांव पोरारा में आज दुकान के बंटवारे को लेकर भाई ने अपने बड़े भाई की धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसे बचाने आई उसकी पत्नी मुन्नी एवं पुत्री मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गई, …
अमरोहा, अमृत विचार। थाना आदमपुर की चौकी रहरा के गांव पोरारा में आज दुकान के बंटवारे को लेकर भाई ने अपने बड़े भाई की धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसे बचाने आई उसकी पत्नी मुन्नी एवं पुत्री मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें सीएससी रहरा में भर्ती कराया गया है।
पोरारा निवासी रामकेश सैनी उम्र 40 वर्ष पुत्र सैनी का उसके भाई भगवान दास पुत्र कंनसीद से दुकान के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आज सुबह लगभग 11:00 बजे रामकेश अपनी परचून की दुकान का सामान भैंसा बुग्गी से लेकर दुकान पर आया तो उसके छोटे भाई भगवान दास ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी तड़पकर मौके पर ही मौत हो गई। आनन-फानन में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी रहरा अमित कुमार मान एवं थाना प्रभारी निरीक्षक आदमपुर पंकज कुमार वर्मा ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी रहरा भिजवाया एवं घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी रहरा में भर्ती कराया। मृतक के चार बच्चे हैं। जिनमें पुष्पेंद्र सैनी 17 साल, लखन 13 साल, अमन 8 साल एवं पुत्री मोनिका 12 साल है। मृतका की पत्नी मुन्नी का घायल होने के बावजूद भी रो-रो कर बुरा हाल है। चौकी प्रभारी रहरा अमित कुमार मान ने बताया की आरोपी भगवान दास को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा कायम किया जाएगा।
