Kanpur Crime : हिस्ट्रीशीटर राजाबाबू की पत्नी का फंदे पर लटकता मिला शव, बृजेश हत्याकांड में भी शामिल था आरोपी
कानपुर में हिस्ट्रीशीटर की पत्नी का फंदे पर शव लटकता मिला।
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर राजाबाबू की पत्नी का फंदे पर शव लटकता मिला। हिस्ट्रीशीटर ने दस महीने पहले ससुरालियों को धमकाकर लव मैरिज की थी। मृतका के परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया।
कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थाने के हिस्ट्रीशीटर की पत्नी का शव रविवार रात को लालबंगला के कालीबाड़ी स्थित घर में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद हिस्ट्रीशीटर परिवार समेत भाग निकला। ससुरालियों ने हिस्ट्रीशीटर समेत पांच ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। सोमवार दोपहर परिजनों ने पोस्टमार्टम वीडियो ग्राफी से न होने पर सड़क पर शव रखकर जाम लगाया।
लालबंगला के कालीबाड़ी निवासी राजाबाबू सोनकर चकेरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। हिस्ट्रीशीटर ने पड़ोस में रहने वाले राजेश सोनकर की बेटी श्वेता (23) से आठ जून 2022 को प्रेमविवाह किया था। श्वेता के भाई विनय ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर ने बहन को प्रेमजाल में फंसा लिया और परिजनों को धमकी देकर जबरन विवाह किया था। शादी के बाद वह ब्रेजा कार की मांग करने लगा था। मांग पूरी न होने पर होली पर बहन को घर नहीं भेजा था। जिद करने पर उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि रविवार को हिस्ट्रीशीटर समेत परिवार वालों ने श्वेता के साथ मारपीट की। विरोध करने पर शव कमरे के अंदर पंखे पर दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकाकर भाग गए। हिस्ट्रीशीटर के बहनोई वीरू ने बहन के फांसी लगाने की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। सूचना पर चकेरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस के आने से पहले ससुराल वाले भाग निकले। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने परिजनों व आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम में संदेह जाते हुए परिजनों ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी से कराने की मांग की। मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा बात को अनुसना करने पर परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम हाउस के सामने सड़क पर रख जाम दिया और हंगामा करने लगा।
सूचना पर स्वरूप थाने की पुलिस मौक पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने शव को सड़क से उठाकर पोस्टमार्टम हाउस के अंदर रखा। थानाप्रभारी रत्नेश सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्जकर हिस्ट्रीशीटर समेत पांच नामजद लोगों की तलाश की जा रही है।
