Kanpur Murder: भारी वस्तु से प्रहार कर फर्नीचर मिस्त्री की हत्या, साथी मजदूर पर हत्या का शक, पुलिस जांच में जुटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में भारी वस्तु से प्रहार कर फर्नीचर मिस्त्री की हत्या।

कानपुर के घाटमपुर में भारी वस्तु से प्रहार कर फर्नीचर मिस्त्री की हत्या कर दी। उसके शरीर पर भी कई चोट के निशान मिले। पुलिस साथी मजदूर की तलाश कर रही।

कानपुर, अमृत विचार। घाटमपुर थानाक्षेत्र में फर्नीचर कारखाने में कारीगर की धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह कारखाना न खुलने पर लोगों ने कारखाना संचालक को सूचना दी। संचलाक के कारखाना खोलने पर कारीगर का लहूलुहान शव चारपाई पर पड़ा मिला, वहीं मृतक का साथी कारखाने से फरार हो गया। संचालक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने डाग स्क्वायड के साथ फोरेंसिक टीम को साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया। पुलिस ने घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। वहीं फरार साथी की तलाश में पुलिस जुटी है।

लखनऊ के चारबाग निवासी नसरूल्ला उर्फ डाक्टर (42) पिछले दो माह से घाटमपुर के स्टेशन रोड पर स्थित बाबा फर्नीचर में कार्य करता था। होली में छुट्टी पर जाने के बाद नसरूल्ला रविवार को अपने साथी लखनऊ निवासी खालिद को साथ लेकर आया था। फर्नीचर संचालक राजू ठाकुर ने बताया कि सोमवार सुबह कारखाना न खुलने पर लोगों ने उनको फोन पर सूचना दी। संचालक ने कारखाने में आकर कई आवाजें दी। अंदर से कोई जवाब न आने पर उन्होंने दरवाजा खोला तो नसरूल्ला का लहूलुहान शव पर चारपाई पर पड़ा मिला।
 
साथी खालिद की तलाश करने पर वह मौके पर नहीं मिला। राजू ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे घाटमपुर थानाध्यक्ष अशोक कुमार दुबे ने डाग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल के साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें खालिद कारखाने से निकलते हुए फुटेज में आया है। संचालक राजू ने बताया कि कारखाने पर आने के बाद नसरूल्ला व साथी खालिद यहीं रुके थे। रात में खाना खाने के बाद दोनों कारखाने में ही सोए थे।
 
डीसीपी साउथ सलमान ताज पाटिल ने बताया मृतक के सिर पर नींद में किसी धारदार हथियार से हमला किया गया है। घटना के बाद से साथी खालिद फरार है, जो कि सीसीटीवी फुटेज में बाहर से दरवाजा बंद करते हुए कैद हुआ है। फरार साथी की तलाश में पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रहीं है।

संबंधित समाचार