Kanpur News : लाभार्थी परिवारों से मेलजोल व दस महिलाएं प्रति बूथ होगा विजय मंत्र, नगर निगम जीतो अभियान शुरू
कानपुर में महिला मोर्चा का नगर निगम जीतो अभियान शुरू।
कानपुर में महिला मोर्चा का नगर निगम जीतो अभियान शुरू। लाभार्थी परिवारों से मेलजोल व दस महिलाएं प्रति बूथ विजय मंत्र होगा।
कानपुर, अमृत विचार। अयोध्या से चुनावी एक्शन प्लान और इलेक्शन रोडमैप का खाका लेकर पहुंची भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं ने निकाय चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। लाभार्थी परिवारों से संपर्क के लिए खासतौर पर कहा गया है। कानपुर नगर निगम चुनाव में ज्यादा से ज्यादा वार्ड के साथ ही मेयर की जीतने का संकल्प लिए महिलाओं ने बूथ स्तर पर गठन का काम शुरू कर दिया है। एक बूथ दस महिलाएं सक्रिय करने की योजना पर काम सोमवार से ही शुरू हो गया है। मतदाता सूची में भी नाम दर्ज कराने से लेकर संशोधन आदि पर मोर्चा की महिलाओं ने सक्रिय होकर काम करने का संकल्प लिया।
महिलाओं की टीम को चुनावी मुहिम में सक्रिय भागीदारी के लिए पदाधिकारियों को पार्टी नेतृत्व ने दायित्व सौंपा है। महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की अयोध्या में हुई बैठक को महिला मोर्चा का चुनावी अभियान अयोध्यार से शुरू करने के रूप में भी देखा जा रहा है। नगर निकाय चुनावों को जीतने की रणनीति पर सबकी राय को रखते हुए पार्टी नेतृत्व ने मंथन किया गया।
योगी और मोदी सरकार की उपलब्धियां लोगों तक पहुंचाने, कानून व्यवस्था का शासन, ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट, जी-20 की मेजबानी आदि तमाम उपलब्धियां लोगों तक पहुंचाने का दायित्व भी महिला नेताओं को दिया गया है। एक बात बिल्कुल साफ कह दी गयी है कि ओबीसी का उचित आरक्षण लागू कराए बिना चुनाव नहीं कराएंगे। कार्यकर्ताओं की गुणवत्ता पर चर्चा से साफ संकेत मिले हैं कि अब पढ़ीलिखी और राजनीतिक रूप से परिपक्व महिलाओं को पार्टी आगे बढ़ा सकती है। नेतृत्व का कहना है कि भाजपा में कार्यकर्ताओं तथा महिलाओं का सम्मान है।
अबकी बार सौ पार
भाजपा महिला मोर्चा की उत्तर जिला अध्यक्ष सरोज सिंह ने अयोध्या से लौटकर बताया कि मोदीजी और योगीजी के नेतृत्व में कार्य करना अच्छा लगता है। अयोध्या की बैठक में जो चुनाव जीतने को लेकर मंथन हुआ उससे नयी उर्जा का संचार हुआ है। कानपुर नगर निगम की 110 में से कम से कम 100 सीटें भाजपा जीतेगी।
बूथवार संगठन पर पकड़ मजबूत होगी
भाजपा के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की सह संयोजक बीना चौहान का कहना है कि हर बूथ में 10 महिलाओं को सक्रिय करने का प्रदेश अध्यक्ष का निर्देश का पालन होगा। घरों से महिलाओं को भाजपा के पक्ष में एकजुट करना जीत का मार्ग प्रशस्त करेगा। निकाय चुनाव में भाजपा क्लीन स्वीप करेगी।
सबसे ज्यादा सम्मान भाजपा में
निवर्तमान पार्षद निर्मल मिश्रा का कहना है कि जिस पार्टी के निकायों 44 प्रतिशत, प्रधान 43 प्रतिशत ब्लाक प्रमुख, और 45 प्रतिशत जिला पंचायत अध्यक्ष महिलाएं हैं उस पार्टी से ज्यादा महिलाओं का सम्मान और कौन सी पार्टी करेगी। पार्टी ने पिछली दफा 16 नगर निगम में से 14 जीते थे। अबकी 17 नगर निगम हैं। सभी जीतेंगे। कानपुर में वार्डों के चुनाव में कमल ही खिलेगा।
अयोध्या से मिला है फतह सूत्र
महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रीता शास्त्री का कहना है कि महिलाएं जोश और उत्साह से भरी हैं। बूथ स्तर की मजबूती के साथ ही पार्टी की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाना और ज्यादा से ज्यादा से महिलाओं को घरों से निकालकर भाजपा के पक्ष वोट करवाना लक्ष्य है।
