म्यांमार के रोहिंग्या मुसलमान ने मुरादाबाद में बनवाया फर्जी पासपोर्ट, पांच साल बाद तेलंगाना पुलिस ने किया भंडाफोड़
धोखाधड़ी : पांच साल बाद तेलंगाना पुलिस ने किया खुलासा: चार माह पहले सऊदी अरब से तेलंगाना पहुंचा था आरोपी
मुरादाबाद, अमृत विचार। म्यांमार के रहने वाले एक रोहिंग्या मुसलमान ने खुद को मुरादाबाद का मूल निवासी बताकर भारत का वैध पासपोर्ट बनवा लिया। इतना ही नहीं, इस पासपोर्ट पर वह सऊदी अरब भी घूम आया। पांच साल बाद तेलंगाना पुलिस की जांच में पकड़े गए रोहिंग्या के खिलाफ मुरादाबाद की कांठ पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
तेलंगाना के राचकोंडा जिले में बालापुर थाने पर तैनात उपनिरीक्षक बी. श्रीकांत ने कांठ पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आठ नवंबर 2022 को मुखबिर से पता चला कि म्यांमार का रहने वाला एक रोहिंग्या मुसलमान हाल ही में सऊदी अरब से आया है। फिलहाल वह कैम्प नंबर एक रॉयल कॉलोनी, बालापुर गांव मंडल, रंगा रेड्डी में रह रहा है। उपनिरीक्षक ने इसकी सूचना तेलंगाना पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी, साथ ही वह रोहिंग्या से संबंधित सूचना एकत्र करने में जुटे। छानबीन के दौरान वह संबंधित पते पर पहुंचे। वहां एल. बलराज व टी. रमेश के अलावा एक संदिग्ध मिला। तीनों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की।
पता चला कि पासपोर्ट संख्या - एन 6071442 उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से वर्ष 2016 में जारी हुआ था। पूछताछ में संदिग्ध की पहचान मोहम्मद फारूक उर्फ मोहम्मद इस्माइल (29) पुत्र नुरुल हक उर्फ अहमद नूर के रूप में हुई। आरोपी ने स्वीकारा कि वह रोहिंग्या मुस्लिम है तथा मूलरूप से फोकिरा बाजार (गांव), मुंगडो (थाना), म्यांमार का रहने वाला है। इससे पहले वह मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र में ग्राम अकबरपुर, चंदेरी में रहता था। आरोपी ने बताया कि यूपी के रहने वाले मोहम्मद इलियास ने पासपोर्ट बनाने में उसकी मदद की। तहरीर के आधार पर मामले में धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत करते हुए कांठ पुलिस ने फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनवाने के आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस पता लगाने में जुटी है कि रोहिंग्या मुसलमान ने आखिरकार मुरादाबाद से पासपोर्ट कैसे बनवा लिया। कांठ पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फर्जी पासपोर्ट बनवाने के खेल में जो भी दोषी मिला, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। -हेमराज मीना, एसएसपी मुरादाबाद
ये भी पढ़ें : अच्छी खबर! मझोली से मुरादाबाद बाईपास तक सड़क होगी चौड़ी, लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा
