शाहजहांपुर डीएम की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर मांगे 15 हजार
शाहजहांपुर। साइबर ठगों ने डीएम इंद्र विक्रम सिंह की फेसबुक आईडी बना ली और मैसेज कर जरूरी काम के लिए रुपयों की मांग शुरू कर दी। बनारस के दोस्त ने मैसेज देख जब डीएम से जानकारी ली तो फर्जी फेसबुक आईडी का खुलासा हुआ। मामला एसपी के संज्ञान में आने के बाद फेसबुक आईडी को …
शाहजहांपुर। साइबर ठगों ने डीएम इंद्र विक्रम सिंह की फेसबुक आईडी बना ली और मैसेज कर जरूरी काम के लिए रुपयों की मांग शुरू कर दी। बनारस के दोस्त ने मैसेज देख जब डीएम से जानकारी ली तो फर्जी फेसबुक आईडी का खुलासा हुआ। मामला एसपी के संज्ञान में आने के बाद फेसबुक आईडी को ब्लाक कर दिया गया। फेसबुक आईडी बनाने वाले की लोकेशन उड़ीसा में मिली है।
डीएम इंद्र विक्रम सिंह के दोस्त बनारस के रहने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें काॅल करके रुपये मांगने वाली बात पूछी तो डीएम हैरत में पड़ गए कि वह ऐसा कैसे कर सकते हैं। बताते हैं कि तब फिर दोस्त ने डीएम को पूरी बात बताते हुए कहा कि फेसबुक आईडी जो इंद्र विक्रम सिंह के नाम से बनी है, उसमें आपका फोटो लगा है और इसी फेसबुक आईडी पर मैसेज डालकर कहा जा रहा है कि उन्हें 15 हजार रूपयों की जरूरत है, ऐसे उस जालसाज ने कई मैसेज किए।
डीएम को जब जानकारी हुई तो उन्होंने पूरे मामले की जानकारी एसपी एस आनंद को दी। यह सुनकर एसपी भी हैरत में पड़ गए। उन्होंने फेसबुक आईडी बनाने वाले जालसाज की सुरागरसी के लिए सर्विलांस टीम को लगा दिया और इसी के साथ ही शम को फेसबुक आईडी को ब्लाक कर दिया। जिस पेटीएम पर रूपये देने की बात कहीं गई थी, उसे सर्च किया गया तो उसकी आईडी उडीसा के एक शख्स की निकली। पुलिस टीम अभी इस मामले में और भी गहराई से तहकीकात में जुटी है।
विधायक समेत कई लोगों से रुपये मांग चुके हैं साइबर ठग
डीएम की फेसबुक आईडी बनाकर रूपये मांगे जाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी साइबर ठग भाजपा विधायक रोशनलाल, डीसीबी के पूर्व चेयरमैन भूपेंद्र सिंह, भाजपा नेता पवन सिंह, इलेक्ट्रिक सामान के व्यापारी कुलदीप पाठक, डाॅ हरीश चंद्र दीक्षित की फेसबुक आईडी तैयार कर मैसेज के जरिये रूपये मांग चुके हैं। इनमें कुछ के दोस्तों को चपत भी लग चुकी है।
नहीं पकड़े गए साबइर ठग
सोशल साइट का इस्तेमाल कर किसी घटना को अंजाम दिया जाना साइबर क्राइम की श्रेणी में आता है और इस तरह के अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए बाकायदा साइबर क्राइम सेल बनी हुई है। इसके बावजूद भी फेसबुक आईडी के जरिये रूपये मांगने का अपराध करने वाले आज तक नहीं पकड़े जा सके।
डीएम के नाम से जो फेसबुक आईडी बनाई गई थी, उसे ब्लाक कर दिया गया है। पेटीएम सर्च किया गया है, जिसमें उड़ीसा के बारे में जानकारी मिल रही है। अभी और गहराई से जांच चल रही है। -एस आनंद, एसपी
