Chitrakoot News : गुस्से और आवेश ने ले ली हंसते-खेलते परिवार की बलि, एक साथ हुआ तीन शवों का अंतिम संस्कार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में एक साथ तीन शवों का अंतिम-संस्कार हुआ।

चित्रकूट में पत्नी-बेटी की गोली मारकर हत्या करने के बाद पशुमित्र ने भी जान दे दी। एक साथ तीन शवों का अंतिम संस्कार हुआ तो सब लोग रो दिए।

चित्रकूट, अमृत विचार। बहिलपुरवा थानांतर्गत सेमरदहा गांव में बुधवार को मां-पिता और बेटी का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान माहौल बहुत गमजदा हो गया और कई लोग रो दिए। गुस्से और आवेश ने एक हंसते खेलते परिवार को लील लिया। 

गौरतलब है कि सेमरदहा निवासी पशुमित्र नंदकिशोर त्रिपाठी ने सोमवार को अपनी पत्नी और बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। अगले दिन पास के जंगल में उसका भी शव पेड़ से लटकता मिला था। इस संबंध में नंदकिशोर के भतीजे अनिल कुमार ने रिपोर्ट में माराचंद्रा निवासी युवक पंकज यादव को पूरे कांड का जिम्मेदार ठहराया है। पंकज पर आरोप है कि उसने खुशी का वीडियो वायरल कर दिया था, जिसे देखकर आक्रोशित नंदकिशोर ने पत्नी और बेटी की हत्या कर दी और बाद में खुदकुशी कर ली।

परिवार में अब छोटी बेटी निशि बची है, जिसका भविष्य अब अंधकारमय है। परिजनों ने बताया कि नंदकिशोर भाइयों में सबसे छोटा था। एक  बीघा जमीन में खेती करके व कर्वी में एक निजी अस्पताल में नौकरी के साथ ऐंचवारा में पशुमित्र के रूप में काम करके वह अपने परिवार का पालनपोषण कर लेता था। भावावेश और क्रोध में उसने खुद को तबाह कर लिया। बीते दिन जब तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया गया तो सेमरदहा के अलावा अन्य गांव-मजरों के लोग भी पहुंचे।

इस दौरान कई थानों की पुलिस तैनात की गई थी। बुधवार को तीनों के शवों का हिंदू रीति रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया तो कई लोग बिलख पड़े। लोग परिवार में अकेली बची बच्ची निशी को सांत्वना बंधाते-बंधाते खुद रो देते थे। लोगों की जुबान पर यही बात थी कि क्रोध और आवेश ने एक हंसते-खेलते परिवार की बलि ले ली।

संबंधित समाचार