राहुल गांधी भारत के खिलाफ काम करने वाले 'टूलकिट का स्थायी हिस्सा' बन गए : बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा 

राहुल गांधी भारत के खिलाफ काम करने वाले 'टूलकिट का स्थायी हिस्सा' बन गए : बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा 

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत के खिलाफ काम करने वाले टूलकिट का स्थायी हिस्सा बन गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता को भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी ताकतों से हस्तक्षेप की मांग करने के लिए माफी मांगनी होगी। नड्डा ने एक बयान में कहा कि भारत विरोधी ताकतों को हमेशा से दृढ़ भारत, उसके मजबूत लोकतंत्र और निर्णायक सरकार से समस्याएं रही हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर भारत में लोकतंत्र की स्थिति की आलोचना करके और अमेरिका तथा यूरोप के हस्तक्षेप की मांग करके गांधी ने देश की सम्प्रभुता पर हमला किया है। 

नड्डा ने कहा, लोगों द्वारा बार-बार अस्वीकार किए जाने के बाद राहुल गांधी भारत के खिलाफ काम करने वाले टूलकिट का स्थायी हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व प्रमुख पर ब्रिटेन में भारत, उसकी संसद, उसकी लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार और लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन एक ऐसा देश है, जिसने भारत पर लंबे समय तक शासन किया। भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि गांधी ने विदेशी धरती पर जो किया, उससे देश के खिलाफ काम करने वालों को मजबूती मिली है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी माफी नहीं मांगेंगे और उन्होंने संसद के दोनों सदनों में सत्तारूढ़ पार्टी के सदस्यों द्वारा की जा रही आलोचना का जवाब देने के लिए संसद में बोलने की अनुमति मांगी है। 

विदेश में राहुल गांधी के बयान पर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा, दुर्भाग्य की बात यह है कि देश विरोधी गतिविधियों में कांग्रेस पार्टी शामिल हो गई है। जनता द्वारा बार-बार नकार दिए जाने के बाद अब राहुल गांधी इस देशविरोधी टूलकिट का एक स्थायी हिस्सा बन गए हैं। एक ओर आज भारत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन रहा है और वहीं जी20 की बैठकें हो रही हैं, राहुल गांधी विदेशी धरती पर देश और संसद का अपमान कर रहे हैं। मैं राहुल गांधी से जानना चाहता हूं इसके पीछे उनकी मंशा क्या है? किसी दूसरे देश द्वारा भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की मांग करना भारत की संप्रभुता पर हमला है। मैं राहुल गांधी से जानना चाहता हूं कि यूरोप-अमेरिका को भारत के मामलों में दखल देने के लिए उकसाने के पीछे उनकी क्या मंशा है? आपको इसके लिए माफी मांगनी होगी: जेपी नड्डा, BJP

नड्डा के बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बोले, वो खुद ही राष्ट्रविरोधी हैं और दूसरो को वो राष्ट्रविरोधी कह रहे हैं क्योंकि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है और वो अडानी मामले, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को छुपाने के लिए वो ऐसी बातें कर रहे हैं। क्या राहुल गांधी कभी राष्ट्रविरोधी हो सकते हैं? 

खड़गे ने कहा, मैं जेपी नड्डा के बयान की निंदा करता हूं। अगर राहुल गांधी को संसद में बोलने का मौका मिला तो वो सारी बातें जरूर बताएंगे इसलिए वो डर रहे हैं। वे उन्हें सदन में क्यों बोलने का मौका नहीं दे रहे हैं? लोकतंत्र के बारे में अगर कहीं भाषण होता है और कोई उस पर बात करे तो क्या वो राष्ट्रविरोधी होते हैं? खुद मोदी जी ने 6-7 देशों में जाकर भारत के नागरिकों का अपमान किया तो पहले उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, भाजपा के सदस्य इधर-उधर क्यों बोल रहे हैं, संसद में चर्चा करने से क्यों डरते हैं? भाजपा राहुल गांधी से डर गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 56 इंच का सीना राहुल गांधी के डर से अब सिकुड़ता जा रहा है।

ये भी पढ़ें : रक्षा क्षेत्र में प्रस्तावों को मंजूरी 'आत्मनिर्भरता को बढ़ावा' : PM Modi