स्वदेश लौटे राम चरण, ऑस्कर में जीत को भारत के लोगों को किया समर्पित 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हवाई अड्डे पर राम ने कहा,  मैं बहुत खुश हूं, सभी का शुक्रिया...हमें एम. एम. कीरावानी, एस. एस. राजामौली और चंद्रबोस पर गर्व है

नई दिल्ली। अपनी तेलुगु फिल्म 'आरआरआर' के गीत 'नाटु नाटु' के ऑस्कर जीतने के बाद स्वदेश लौटे अभिनेता राम चरण ने कहा कि यह भारत के लोगों की जीत है। 'आरआरआर' के गीत 'नाटु नाटु' ने 95वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में ऑस्कर जीता है। अभिनेता राम चरण (37) अपनी पत्नी एवं उद्यमी उपासना कामिनेनी के साथ देश लौटे। दिल्ली हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में जोश से भरे प्रशंसकों ने उनका स्वागत किया। 

हवाई अड्डे पर राम ने पत्रकारों से कहा,  मैं बहुत खुश हूं। सभी का शुक्रिया। हमें एम. एम. कीरावानी, एस. एस. राजामौली और चंद्रबोस पर गर्व है। उनकी वजह से ही हमें रेड कार्पेट पर चलने का मौका मिला और हम ऑस्कर भारत ला पाए। उन्होंने कहा,  मेरे सभी प्रशंसकों और भारत में उत्तर से दक्षिण तक और पूर्व से पश्चिमी तक सभी जगह बसे लोगों का 'आरआरआर' देखने और 'नाटु नाटु' को सुपरहिट बनाने के लिए शुक्रिया। 'नाटु नाटु' हमारा नहीं, भारत के लोगों का गीत है।

 गीत 'नाटु नाटु' के संगीतकार एम. एम. कीरावानी हैं और गीतकार चंद्रबोस ने इसके बोल लिखे हैं। इसे स्वर काल भैरव और राहुल सिप्लीगुंज ने दिया है। 'नाटु नाटु' का मतलब होता है 'नाचना'। गीत अभिनेता राम चरण और जूनियर एनटीआर पर फिल्माया गया है, जिसमें उनके जोरदार नृत्य को भी काफी सराहना मिली है। गीत को गोल्डन ग्लोब और क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड में भी पुरस्कार मिला है।

निर्देशक एस. एस. राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ भारतीय क्रांतिकारियों की एक काल्पनिक कहानी है। फिल्म में राम चरण और जूनियर एनटीआर अहम भूमिका में हैं। यह फिल्म 1920 के दशक के समय पर आधारित है जब भारत ब्रिटिश शासन के अधीन था। फिल्म में आलिया भट्ट और अजय देवगन भी थे। इसके अलावा तमिल भाषा के वृत्तचित्र ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ ने भी इस साल 'डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट सब्जेक्ट' श्रेणी में ऑस्कर जीता है।

ये भी पढ़ें :  'रानी मुखर्जी की प्रतिभा का वर्णन करने के लिए शब्द नहीं', बॉलीवुड के दिग्गजों ने की फिल्म 'Mrs Chatterjee Vs Norway' की तारीफ

संबंधित समाचार