Kanpur News : हुक्काबार में किशोरी के साथ दुष्कर्म में आरोपी अमन सेंगर ने कोर्ट में किया सरेंडर, अजय ठाकुर पुलिस गिरफ्त से दूर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के हुक्काबार में किशोरी से दुष्कर्म में आरोपी अमन सेंगर ने कोर्ट में सरेंडर किया।

कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के कर्रही रोड पर स्थित एमजी कैफै हुक्काबार में किशोरी के साथ दुष्कर्म मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विनय ठाकुर व हुक्काबार संचालक शोभित पाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शनिवार को घटना में शामिल आरोपी अमन सेंगर ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।

कानपुर, अमृत विचार। बर्रा में हुक्का बार में किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में कई दिनों से फरार आरोपी ने शनिवार को न्यायालय में समर्पण किया। आरोपी ने वर्ष 2022 में नौबस्ता में स्थित बेकरी शाप में मारपीट के मामले में न्यायालय में समर्पण किया। आरोपी की कई दिनों से पुलिस तलाश में जुटी हुई थी। वहीं मामले में फरार हिस्ट्रीशीटर पुलिस की पकड़ से बाहर है।

बीती तीन मार्च को बर्रा थानाक्षेत्र के कर्रही रोड पर स्थित एमजी कैफे (हुक्का बार) में किशोरी के साथ जरौली निवासी आरोपी विनय ठाकुर ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। जिसमें पुलिस ने दुष्कर्म की धारा में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी विनय व हुक्का बार संचालक शोभित पाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मामले में फरार चल रहे आरोपी अमन सेंगर व हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर की पुलिस कई दिनों से तलाश कर रही थी।

शनिवार दोपहर को आरोपी अमन सेंगर ने पुलिस को चकमा देते हुए नौबस्ता थाना क्षेत्र दर्ज एक अन्य मामले में पेश होकर स्पेशल सीजेएम की कोर्ट में सरेंडर कर दिया। आरोपी अमन सेंगर के कोर्ट में सरेंडर की जानकारी होने पर पुलिस हरकत में आ गई। एसीपी नौबस्ता अभिषेक पांडेय ने बताया कि किशोरी के दुष्कर्म के मामले के विवेचक द्वारा अमन सेंगर की पुलिस रिमांड लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं फरार हिस्ट्रशीटर अजय ठाकुर की तलाश में पुलिस कई जगह दबिशे दे रही है, लेकिन हिस्ट्रीशीटर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

बेकरी शाप में मारपीट के मामले में किया समर्पण 

दुष्कर्म के मामले में आरोपी अमन सेंगर ने वर्ष 2022 में नौबस्ता स्थित श्याम बेकरी संचालक परमेंद्र श्रीवास्तव की बेकरी में संचालक व कर्मचारियों पर अपने साथी हर्षित, वासु, मोनू ठाकुर व अन्य अज्ञात साथियों के साथ जानलेवा हमला कर दिया था। जिसमें नौबस्ता पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया था, जिस मामले में आरोपी ने कोर्ट में समर्पण किया।

संबंधित समाचार