किसानों के कन्धे पर बंदूक और सियासी साजिश का संदूक लेकर गुमराह करने के गेम में लगे कुछ लोग : नकवी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिलासपुर में एक कार्यक्रम में जाते हुए चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

रामपुर, अमृत विचार। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कृषि प्रधान देश के कृषक प्रधान देश बनने से परेशान कुछ लोग किसानों के कन्धे पर बंदूक, सियासी साजिश का संदूक लेकर गुमराह करने के गेम में लगे हैं।

बिलासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में जाते वक्त रास्ते में बिलासपुर चौराहे पर कार्यकर्ताओं द्वारा  उनका स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान अपने सम्बोधन में नकवी ने कहा कि गांव, गरीब, किसान को सियासी स्वार्थ का साधन बनाने वाले लोगों के छल को मोदी-योगी सरकार ने किसानों के सशक्तिकरण के बल से ध्वस्त किया है। सरकार के किसानों की आमदनी दोगुना करने के प्रभावी प्रयास ने किसानो के शोषकों की नींद हराम और बिचौलियों की बेचैनी चौगुनी कर दी है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा लाये गए कृषि क्षेत्र में सुधारों से देश के करोड़ों किसानों की आंखों में खुशी, जिंदगी में खुशहाली का मार्ग प्रशस्त हुआ है। अमृत काल  में कृषि प्रधान भारत, कृषक प्रधान भारत के रास्ते पर चल पड़ा है जहां किसानों के अन्न का भरपूर दाम, अन्नदाता का भरपूर सम्मान है। दशकों से बिचौलियों के चंगुल में फंसे किसानों को आजादी दिलाकर किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण का रास्ता तैयार हुआ है। सभी फसलों की एमएसपी भी बढ़ा दी गई है।

प्रधानमंत्री मोदी देश के गांव, गरीब, किसान के हितों को समर्पित हैं। पिछले लगभग नौ वर्ष में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ 11 करोड़ से अधिक किसानों को हुआ है, इसके तहत लगभग 2 लाख 40 हजार करोड़ रूपए किसानों को दिए गए हैं जिससे विशेषकर छोटे किसानों को लाभ हो रहा है। फसल बीमा योजना का लाभ 11 करोड़ 40 लाख से ज्यादा किसानों को हुआ है। लगभग 23 करोड़ किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड दिए गए हैं।

मोदी सरकार के प्रयासों का नतीजा है कि कृषि क्षेत्र सुदृढ़,सशक्त और आत्मनिर्भर हुआ है। आज भारत के अन्नदाता दुनिया भर को खाद्यान एवं अन्य उत्पाद मुहैया करा रहे हैं। पिछले साल लगभग 4 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के कृषि उत्पादों का निर्यात हुआ है, जो अब तक का सर्वाधिक है। इसके साथ ही उन्होने शंकरपुर स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों के बारे में बताया।

यह लोग रहे मौजूद
अध्यक्ष अभय गुप्ता ,जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी,ज्वाला प्रसाद गंगवार,कुलवंत औलख,चेतन परुथी, अनिल मदान, मेहर सिंह देओल, गुरकीरत औलख, जागेश्वर दयाल दीक्षित, राजीव मांगलिक,अर्चना गंगवार,जगपाल यादव, मेजर सिंह, हीरा सिंह, जसविंदर सिंह, जसपाल सिंह, परमजीत आदि उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:- WPL 2023 : यूपी वारियर्स ने मुंबई इंडियंस को 127 रनों पर समेटा, Sophie Ecclestone ने झटके तीन विकेट

संबंधित समाचार