बरेली: छेड़छाड़ का विरोध करने पर किशोरी और पिता को पीटा
बरेली,अमृत विचार। दबंगों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। हालात यह है कि दिनदहाड़े दबंग बेटियों के साथ छेड़छाड़ करने से भी बाज नहीं आते। रविवार को बारादरी थाना क्षेत्र के कटरा चांद खां में दबंगों ने एक किशोरी से सरेराह छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी और उनके परिवार के लोगों ने किशोरी …
बरेली,अमृत विचार। दबंगों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। हालात यह है कि दिनदहाड़े दबंग बेटियों के साथ छेड़छाड़ करने से भी बाज नहीं आते। रविवार को बारादरी थाना क्षेत्र के कटरा चांद खां में दबंगों ने एक किशोरी से सरेराह छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी और उनके परिवार के लोगों ने किशोरी और उसके पिता को जमकर पीटा। घायल पिता बेटी के साथ थाने पहुंचा और पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने घायल को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया।
बारादरी के कटरा चांद खां में रहने वाली किशोरी रविवार को अपने पिता के साथ आ रही थी। इसी दौरान उसके मोहल्ले के दो युवक आ गए और छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ पिता को पीटा। यही नहीं आरोपियों के परिवार की महिलाएं और अन्य लोग भी आ गए और वे भी मारपीट करने लगे।
किशोरी ने बताया कि उसके पिता की जेब में रखे रुपये भी आरोपियों ने निकाल लिए। उसके साथ अश्लील हरकतें भी करने लगे। उसने बताया कि पिता के सिर कान और पीठ में चोटें लगी हैं। पुलिस ने किशोरी के पिता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर दबंगों पर कार्रवाई की जाएगी।
