मुरादाबाद : छेड़छाड़ से तंग नाबालिग ने की खुदकुशी, दरोगा निलंबित...एसएसपी ने माना पुलिस की चूक बनी आत्महत्या की वजह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आरोपियों पर कार्रवाई न होने से आहत थी छात्रा, सुसाइड नोट मिला

मुरादाबाद, अमृत विचार। छेड़छाड़ के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से आहत 12वीं की नाबालिग छात्रा ने खुदकुशी कर ली। छात्रा ने सोमवार की सुबह एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पीड़िता की मौत के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी घटना की लीपापोती में जुट गए। चूक का ठीकरा महज हल्का दरोगा के सिर फोड़ते हुए उसे निलंबित कर दिया गया। पूरे मामले की जांच एसपी ग्रामीण को सौंपी गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, बाकी की  तलाश जारी हैं।

कुंदरकी थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने नौ मार्च को एसएसपी को तहरीर दी। बताया कि घर के सामने रहने वाला विकेश उसकी नाबालिग पुत्री पर गलत नजर रखता है। शौचालय जाते वक्त वह किशोरी से छेड़छाड़ करता है। इतना ही नहीं आरोपी अपनी छत पर खड़ा होकर नहाते वक्त किशोरी का अश्लील फोटो व वीडियो भी बनाता है। स्कूल आते-जाते वक्त भी वह परेशान करता है। छेड़छाड़ से तंग छात्रा ने स्कूल जाना भी बंद कर दिया है। आठ मार्च को आरोपी किशोरी के घर में आ घुसा। किशोरी को दबोचते हुए  दुष्कर्म की कोशिश भी की। शोर मचाने पर तमंचा लहराते हुए आरोपी भाग खड़ा हुआ।

आरोपी ने किशोरी को अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी। किशोरी के परिजनों का आरोप है कि एसएसपी से शिकायत के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। 13 मार्च को पुलिस ने शांति भंग का मुकदमा दर्ज करते हुए मामले से किनारा कर लिया। पुलिस के बर्ताव से क्षुब्ध किशोरी ने रविवार को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबियत बिगड़ने के बाद किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। किशोरी के आत्मघाती कदम से दंग कुंदरकी पुलिस ने आनन फानन में विकेश व उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया।

इधर देर रात हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने किशोरी को हायर सेंटर रेफर कर दिया। सोमवार की सुबह पांच बजे उपचार के दौरान कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में किशोरी ने दम तोड़ दिया। हालात की गंभीरता भांप पुलिस ने किशोरी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस की लापरवाही व शिथिल कार्यप्रणाली से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।


प्राथमिक जांच में हल्का दरोगा सचिन कुमार की लापरवाही उजागर हुई है। दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए पूरे प्रकरण की जांच एसपी ग्रामीण संदीप कुमार मीणा को सौंपी गई है। मृतका ने जो सुसाइड नोट मौत से पहले लिखा है, वह पुलिस के कब्जे में है। सुसाइड नोट को जांच में शामिल कर लिया गया है। छेड़छाड़ के दो आरोपी गिरफ्तार है। अन्य की तलाश जारी है। एसपी ग्रामीण की रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।-हेमराज मीना, एसएसपी

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : सर! मेरी मौत के बाद तो इंसाफ करेंगे न? छेड़छाड़ से परेशान 12वीं की छात्रा ने सुसाइड नोट लिखकर खाया जहर

संबंधित समाचार