शाहजहांपुर: तेज रफ्तार ने ली जान, सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। घटना की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। सोमवार दोपहर तेल टंकी मोड़ के पास पैदल जा रहे सिलाई कारीगर को पुलिस लिखी कार ने टक्कर मार दी। घायल ने जिला अस्पताल जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

वहीं तिलहर क्षेत्र में हाईवे पर रविवार रात बाइकों की भिड़ंत हो गई। जिसमें एक युवक की जान चली गई। उधर, बंडा क्षेत्र में रविवार शाम पूरनपुर रोड पर कार की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत हो गई। सोमवार सुबह बंडा क्षेत्र में खुटार रोड पर अवारा पशु को बचाने के चक्कर में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लखीमपुर खीरी जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं शनिवार को मोहम्मदी रोड पर हुए हादसे में घायल युवक ने रविवार रात जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। 

पुलिस लिखी कार ने सिलाई कारीगर को मारी टक्कर 
सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला गदियाना निवासी 50 वर्षीय महेश पाल सिलाई कारीगर थे। सोमवार की सुबह साढ़े 12 बजे वह तेल टंकी मोड़ पर किसी कार्य से आए थे। वह पैदल वापस घर जा रहे थे। निगोही रोड पर गुदियाना चुंगी के निकट बर्फखाना के सामने निगोही की तरफ जा रही कार ने पीछे से साइड से टक्कर मार दी, जिससे वह गिरकर घायल हो गए। चालक कार लेकर भाग गया।

सूचना पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे और घायल महेश पाल को जिला अस्पताल ले गए। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों ने कार पर आगे-पीछे अंग्रेजी में पुलिस लिखा हुआ था। मृतक की पत्नी का नाम अनीता है और दो बेटे शिवम, सत्यम व बेटी पिंकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अमित पांडे ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

हाईवे पर बाइकों की भिड़ंत में गई युवक की जान
शाहजहांपुर। तिलहर थाना क्षेत्र के गांव बंथरा निवासी 35 वर्षीय नितिन अवस्थी रविवार को शहर किसी कार्य से आया हुआ था। वह रात साढ़े आठ बजे बाइक से शहर से अपने गांव जा रहा था। नेशनल हाइवे पर नगरिया मोड़ पर उसकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई, जिससे नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया।

दूसरा बाइक सवार बाइक लेकर भाग गया। सूचना पर नगरिया मोड़ पुलिस चौकी के सिपाही मौके पर पहुंचे और घायल के परिवार वालों को सूचना दी। पुलिस घायल को लेकर जिला अस्पताल आयी। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पत्नी का नाम अनीता है और सात साल बेटा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

कार ने बाइक मारी टक्कर, अधेड़ की मौत 
बंडा। पीलीभीत जिले के थाना घुंघचिहाई के गांव पुन्नापुर निवासी 55 वर्षीय छेदालाल अपनी पत्नी 50 वर्षीय ज्ञानदेवी के साथ रविवार की शाम छह बजे बाइक से मोहद्दीनपुर जा रहे थे। पूरनपुर रोड पर बांव सिंगापुर पनई गांव के सामने कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दंपति घायल हो गए।

पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दंपति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। डाक्टर ने छेदालाल को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिवार वालों का कहना है कि कार शिवम निवासी हंसापुर थाना बंडा का चला रहा था। पुलिस ने मृतक छेदालाल के बेटे देवेश कुमार की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बंडा के गांव गुरसंडा रायपुर निवासी 23 वर्षीय मयंक शर्मा उर्फ अनमोल अपने साथी 20 वर्षीय संदीप मिश्रा के साथ सोमवार सुबह दस बजे बाइक से अपने परिवारीजनों को कांवर चढ़वाने गोला गोकर्णनाथ जा रहा था। गोला खुटार मार्ग पर संसारपुर के पास उनकी बाइक के सामने आवारा पशु आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में उनकी बाइक अज्ञात वाहन से टकरा गई।

राहगीरों ने संसारपुर पुलिस चौकी पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने को गोला गोकरननाथ सरकारी अस्पताल भिजवाया। जहां हालत गंभीर होने से उसे जिला लखीमपुर अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं मयंक शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मयंक शर्मा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

घायल युवक की इलाज के दौरान थम गईं सांसे 
शाहजहांपुर। लखीमपुर खीरी जिले के थाना मोहम्मदी के गांव पाल अभय कचनार निवासी 35 वर्षीय ओमप्रकाश का खेत गांव से दो मिल दूर है। शनिवार की दोपहर बाद बाइक से खेत पर जा रहे थे। मोहम्मदी रोड पर उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई, जिससे ओमप्रकाश घायल हो गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार की रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर से परिवार में रोना पिटना मच गया।  

बैलगाड़ी-कार में भिड़ंत, बाल-बाल बचे लोग
सोमवार सुबह लगभग नौ बजे नेशनल हाईवे स्थित नवीन गल्ला मंडी के सामने कार गन्ना लेकर जा रही बैलगाड़ी से भिड़ गई। कार की टक्कर से बैलगाड़ी गन्ने के साथ खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। बैल गाड़ी चला रहे ग्राम समधाना निवासी यज्ञसेन गंगवार के सड़क पर गिरने के चलते चोटिल हो गए।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: कर्ज में डूबे किसान ने फंदे पर लटक कर दी जान, मचा कोहराम

संबंधित समाचार