Unnao Accident : अनियंत्रित होकर बाइक कुंए में गिरी, हादसे में दो ने मौके पर तोड़ा दम, एक घायल
उन्नाव में सड़क हादसे में दो की मौत।
उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर बाइक कुंए में गिर गई। हादसे में दो की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल एक युवक का इलाज चल रहा।
उन्नाव, अमृत विचार। माखी थानांतर्गत अकबरपुर दबौली गांव स्थित ईंट भट्टे पर काम करने वाले तीन मजदूर थाना बाजार से एक बाइक से भट्ठे पर लौट रहे थे। इस दौरान मार्ग में गिट्टी पड़ी होने से उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बाइक घिसटती हुई रोड किनारे बने कुएं में चली गई। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक ने वहां लगे पेड़ की डाल पकड़ ली जबकि, उसके दो साथी कुंए में चले गए।
घटना की जानकारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोगों ने पुलिस व दमकल को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस व दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू शुरू कर कुएं में गिरे दोनों श्रमिकों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जबकि, तीसरे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, तीनों श्रमिक क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्टे में काम करते हैं। वे लखीमपुर जिला के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि, अभी उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
