मुरादाबाद : छेड़खानी पीड़िता की मौत के मामले में कुंदरकी थाना प्रभारी निलंबित
एसएसपी ने की कार्रवाई, डीआइजी ने संभल के एएसपी को सौंपी जांच, छेड़खानी व धमकी देने के दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। छेड़खानी पीड़ित किशोरी की मौत के मामले में एसएसपी ने लापरवाही बरतने के आरोपी कुंदरकी थाना प्रभारी ललित चौधरी को निलंबित कर दिया है। वहीं डीआईजी शलभ माथुर ने संभल के एएसपी श्रीशचंद्र को घटना की जांच करने का आदेश दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कुंदरकी थाना क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी से आठ मार्च को होली के दिन आरोपी विकेश ने छेड़खानी की थी और जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली से क्षुब्ध होकर रविवार को किशोरी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। सोमवार तड़के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई । खुदकुशी से पहले किशोरी ने दो पन्ने का सुसाइड नोट भी लिखा था। सुसाइड नोट के जरिए नाबालिग ने अपनी मौत का जिम्मेदार कुंदरकी पुलिस को ठहराया ।
एसएसपी ने हलका दारोगा सचिन मलिक को निलंबित कर दिया। आरोपी विकेश व उसके साथी इमरत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मंगलवार को दो और आरोपी हरज्ञान सिंह व बबलू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में लापरवाही बरतने के आरोपी कुंदरकी थाना प्रभारी ललित कुमार को एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसएसपी ने कुंदरकी थाने की कमान डिलारी थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार को सौंप दी । वहीं डीआइजी शलभ माथुर ने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच संभल एएसपी श्रीशचंद्र को दी है। हालात की गंभीरता भांपकर मृतका के परिजनों व घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दर्दनाक घटना से राजनीतिक संगठनों में उबाल
मुरादाबाद। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला प्रभारी रोहिताश राजपूत के नेतृत्व में डीएम से मुलाकात की। किशोरी की मौत के मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डीएम को पत्र सौंपने वालों में रामकिशोर, हरकिशोर सिंह, शरीफ अहमद, करन सिंह आदि शामिल रहे।
मृतका के परिवार से मिला कांग्रेस का शिष्टमंडल
कुंदरकी। मंगलवार को कांग्रेस का एक शिष्टमंडल मृतक किशोरी के परिजनों से मिला। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि अधिकारियों के पास अपनी फरियाद लेकर जाने के बाद भी किशोरी की सुनवाई नहीं हुई। न्याय की आस में पीड़िता ने अपनी जान दे दी। इस दौरान पूर्व विधायक एआईसीसी मेंबर फूल कुमार, प्रदेश महासचिव संजीव शर्मा, प्रदेश सचिव चौधरी सुखराज सिंह, जिला अध्यक्ष असलम खुर्शीद, ब्लॉक अध्यक्ष दाऊद खान, पूर्व पीसीसी सदस्य चौधरी एहसान खान, अफजल साबरी व अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
मोहल्ले में तैनात रही पुलिस
कुंदरकी। शोषण के चलते जहर खाकर जान देने वाली छात्रा के घर मंगलवार को भी रिश्तेदारों का आना-जाना लगा रहा। सभी लोग परिजनों को सांत्वना देते रहे। मृतका के दरवाजे के एवं मोहल्ले में पुलिस तैनात रही। परिवार में माता-पिता, भाई-बहन के आंसू अभी भी नहीं थमे हैं। वह लगातार पुलिस को कटघरे में खड़ा करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की अपनी मांग को दोहरा रहे हैं। अब तक हुई कार्रवाई से परिजन संतुष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। उनकी मांग है कि बाकी बचे अन्य दोषियों को भी पुलिस जल्द से जल्द गिरफ्तार करे। मुख्य आरोपी विकेश और उसके सहयोगी अमृत को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जिनमें से अभी कई आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: तीन साल के पुत्र को लेकर महिला प्रेमी संग फरार, पति ने की कार्रवाई की मांग
