मेरठ: तारीख के लिए पिता के साथ कोर्ट जा रही विवाहिता को तमंचे के बल पर उठाया
मेरठ, अमृत विचार। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के चेतावाला गांव के सामने कार सवार लोगों ने पिता के साथ कोर्ट में तारीख के लिए जा रही एक विवाहिता को तमंचे के बल पर उठा लिया। विरोध पर विवाहिता के पिता और मां के साथ मारपीट की गई। दिनदहाड़े वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बामनौली गांव निवासी सतनाम सिंह ने बताया कि बुधवार को वह अपनी पत्नी बलविंदर कौर और बेटी शरणवीर कौर के साथ मेरठ कोर्ट में तारीख के लिए जा रहा था।
बताया कि उसकी बेटी का अपने पति से विवाद चल रहा है। जिसको, लेकर कोर्ट में तारीख थी। आरोप है कि जैसे ही उनकी कार चेतावाला गांव के पास पहुंची, तो उनके दामाद ने अपने साथियों के साथ उनकी कार को ओवरटेक करके रोक लिया। उन्होंने, उनकी बेटी का तमंचे के बल पर कार से जबरन उतारकर अपनी कार में बैठा कर ले गए। उन्होंने, विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की।
मामले की जानकारी जैसे ही स्थानीय लोगों को लगी तो मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पुलिस विवाहिता की तलाश करने में जुट गई है। विवाहिता के पिता ने अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए जल्द बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई है।
ये भी पढ़ें- मेरठ: बाइक सवार युवक से दो बदमाशों ने 1.37 लाख लूटे
