Kanpur: साहब! ड्यूटी के बदले गिफ्ट व शापिंग कराने की फरमाइश करते अधिकारी, गुमनाम पत्र सोशल मीडिया में वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में एक गुमनाम पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा।

कानपुर में एक गुमनाम पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा। पत्र में लिखा था अभियोजन विभाग में तैनात पुलिसकमी ड्यूटी के बदले गिफ्ट व शापिंग कराने की फरमाइश करते है।

कानपुर, अमृत विचार। गुमनाम पत्र के जरिये डायल 112 में फैले भ्रष्टाचार का खुलासा होने के चंद दिनों बाद ही अभियोजन विभाग में फैले भ्रष्टाचार को लेकर एक पत्र वायरल हुआ है। इसमें मनमाफिक ड्यूटी के बदले गिफ्ट व शापिंग कराने की फरमाइश पूरी करने की बात कही गई है। वायरल पत्र में अभियोजन विभाग में तैनात महिला सिपाहियों को लेकर संगीन आरोप लगाये गये है। हालांकि वायरल गुमनाम पत्र की अमृत विचार समाचार पत्र पुष्टि नहीं करता है। वहीं पुलिस कमिश्नर ने वायरल गुमनाम पत्र की जांच डीसीपी मुख्यालय को सौंप दी है। 
Letter
 
मंगलवार को अभियोजन विभाग में फैले भ्रष्टाचार को लेकर एक गुमनाम पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल पत्र में अभियोजन विभाग के पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार समेंत संगीन आरोप लगाते हुए लिखा गया है कि 6 साल पूर्व एक एसपी ने जिस महिला सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया था, उन्हें आज तक रवाना नहीं किया गया है। यही नहीं एक और महिला सिपाही जिसके खिलाफ कोर्ट में मुकदमा चल रहा है उन्हें ट्रांसफर के बाद भी अभियोजन अधिकारी रवाना नहीं कर रहे है, जबिक महिला सिपाही के पति ने कई बार कोर्ट व अभियोजन अधिकारी व अफसरों को पत्र लिखे है।
Letter News
 
गुमनाम पत्र पर अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए लिखा गया कि विभाग में महिला सिपाहियों के शोषण के साथ ही उन्हें साथ में घूमने, फिरने व शापिंग कराने का दबाव बनाया जाता है। इसके अलावा आरोपों में दो सिपाहियों का जिक्र किया गया जो महिला सिपाहियों की हाजरी भी लगाते हैं। आरोप के मुताबिक अभियोजन विभाग में तैनात कर्मचारी समय पर ड्यूटी न आने के साथ ही बिना छुटटी लिए ही गैर जनपद चले जाते है। मौज-मस्ती के लिए दूसरे जिले गए सिपाहियों की हाजिरी भी फर्जी तरीके से लगाई जाती है।
 
वायरल गुमनाम पत्र के साथ विभाग का हाजिरी रजिस्टर व एक फोटो भी वायरल हो रही है। जिस फोटो को मथुरा की शादी समारोह का बताया जा रहा है, जिसमें मौजूद सिपाही पर आरोप लगाया जा रहा है कि वह बिना छुट्टी लिए गैर जनपद गया था।
 
पत्र वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों के कान खड़े हो गए। पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने बताया कि गुमनाम पत्र के माध्यम से अभियोजन कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों की शिकायत आयी है मामला गंभीर है, जिसे देखते हुए मामले की जांच डीसीपी मुख्यालय को सौंप दी गयी है। कोई सामने आकर शिकायत नहीं कर रहा है फिर भी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जायेगी।
 
वहीं डीसीपी मुख्यालय तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि अभियोजन विभाग से जुड़ा एक मामला संज्ञान में आया है अफसरों के निर्देश पर मुझे जांच सौंपी गयी है। उक्त मामले में अभियोजन में तैनात पुलिसकर्मियों की हाजरी समेत महिलाओं के बयान लिये जायेंगे जांच एक दो दिन में शुरू हो जायेगी जांच होने तक अभी कुछ कहना मुशकिल है जांच के उपरांत ही असल मामला सामने आयेगा।

 

संबंधित समाचार