Banda News : कच्ची दीवार ढहने से दबकर किसान की मौत, परिजनों में मची चीख-पुकार
बांदा में कच्ची दीवार ढहने से किसान की मौत।
बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के बाघा गांव में कच्ची दीवार ढहने से किसान की दबकर मौत हो गई। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बांदा, अमृत विचार। कच्चा मकान ढहाते समय दीवार भरभराकर ढह जाने से किसान मलबे में दब गया। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद जब तक उसे मलबे से बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव देखते ही घरवालों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछतांछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के बाघा गांव निवासी राजकुमार कुशवाहा (45) पुत्र सुंदरलाल खेती करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उसके नाम प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत कालोनी आई थी। वह मकान बनवाने के लिए बुधवार की दोपहर अपना कच्चा मकान ढहा रहा था, इसी बीच कच्ची दीवार भरभराकर उस पर गिर गई, जिससे राजकुमार मलबे में दब गया। शोरशराबा सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़ पड़े।
करीब आधा घंटा की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से उसे बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के छोटे भाई ने बताया कि उसके एक बेटी और एक बेटा है। वह अपनी बेटी निशा की शादी कर चुका है, जबकि छोटा बेटा सोनू अविवाहित है। सूचना पाकर राजस्व कर्मी भी मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की।
