बरेली : कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान जारी, जनता को करा रहे राहुल गांधी के संदेश से अवगत
बरेली, अमृत विचार। बरेली महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला की अध्यक्षता में वार्ड 31 कटघर स्थित जिला महासचिव पाकीजा खान के निवास पर एक मीटिंग हुई। महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि 1989 से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं है फिर भी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के संगठन की धार में कोई कमी नहीं है, हमने हर चुनौती का डटकर मुकाबला किया है। जातिवादी, फिरकापरस्त और सांप्रदायिक ताक़तों के ताबूत में कील भी ठोकी है।
उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक दुखी और पीड़ित है, भ्रष्टाचार का शिकार हो रहा है, महंगाई इतनी है कि घर की रोजी रोटी चलाना भी उसके लिए मुश्किल हो रहा। धर्म और सांप्रदायिकता के नाम पर सत्ता तक पहुंची भारतीय जनता पार्टी कि अब उल्टी गिनती शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्टी का बलिदान और कार्यकर्ताओं की जी तोड़ मेहनत का नतीजा 2024 में मिलेगा और केंद्र में कांग्रेस की सरकार होगी।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. के बी त्रिपाठी ने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो एक महत्वपूर्ण अभियान है, जो भारत जोड़ो यात्रा का द्वितीय चरण है। इसके माध्यम से हम सभी लोगों को राहुल गांधी के संदेश से अवगत करा रहे हैं।
प्रदेश सचिव असलम चौधरी ने कहा कि भाजपा इस समय राहुल गांधी जी से डरी हुई है इसी से पता लगता है कि 2024 में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। महानगर प्रवक्ता योगेश जौहरी,जिला महासचिव पाकीजा खान, महासचिव सर्वतहुसैन हाशमी, पूर्व पीसीसी मुकेश बाल्मिकी, जिला महासचिव जियाउर रहमान, हाजी जुबेर ,जिला कोषाध्यक्ष कमरुद्दीन सैफी, हाजी सुल्तान, फिरोज खान, रफीक ठेकेदार, आसिफ अली, हसनैन अंसारी, टोनू बक्शी, मोहम्मद हसन और काफी संख्या में कांग्रेसी जन मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : बरेली: IGRS Portal पर सबसे ज्यादा सम्मान निधि से जुड़े सवाल, PM से भी अफसरों की शिकायतें
